
जमशेदपुर : झारखंड में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है. इस बात से इन्कार नहीं किया जा सकता. रविवार की शाम तक राज्य में कोरोना पॉजिटिव के 6 नये मामले आ चुके हैं. इनमें राज्य के दो नये जिलों का नाम जुड़ गया है, जहां कोरोना संक्रमण पहुंच गया है. रविवार की शाम तक कोरोना पॉजिटिव के छह नये मामले सामने आये हैं, जिनमें 1 हजारीबाग, 1 देवघर, 1 रांची, 1 लोहरदगा और 2 रामगढ़ में कोरोना पॉजिटिव मरीज पाये गये हैं. इस तरह लोहरदगा राज्य का 16वां व रामगढ़ 17वां जिला बन गया है, जहां कोरोना संक्रमण पहुंच गया है. लोहरदगा का 18 वर्षीय युवक बताया जाता है, जबकि दूसरा देवघर निवासी एक व्यक्ति है जो सूरत से आया था. इस तरह रविवार शाम तक राज्य में कोरोना पॉजिटिव के 223 मरीज पाये जा चुके हैं.
दीदी किचेन पूरे राज्य में 31 मई तक संचालित होगा
दूसरी ओर पूरे देश में लॉकडाउन की अवधि 31 मई तक बढ़ा दी गयी है. इसके मद्देनजर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि पूरे झारखंड में 7 हजार से अधिक संचालित दीदी किचेन ने अब तक जरूरतमंदों को 2 करोड़ से अधिक पौष्टिक भोजन की थालियां परोस कर भूख से हमारी जंग को जीतने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी है. इसलिए राज्य सरकार ने निर्णय लिया है कि दीदी किचेन अब पूरे राज्य में 31 मई तक सुचारू रूप से जनता की सेवा करेगा. इसके साथ ही राज्य सरकार की ओर से राज्यवासियों से लॉकडाउन के नियमों का पालन करने की अपील की गयी है. कहा गया है कि घर में रहें, सुरक्षित रहें. साथ ही सोशल डिस्टेंसिंग का अनिवार्य रूप से पालन करें.
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने क्या कहा
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि सभी जिला के अधिकारी एवं झारखण्ड पुलिस यह सुनिश्चित करे कि कोई भी व्यक्ति चाहे वो झारखण्ड का हो या दूसरे राज्य का झारखण्ड में पैदल अपने गंतव्य को ना जाये. सभी अधिकारी पूरी संवेदनशीलता के साथ ऐसे सभी लोगों की पूरी देखभाल करते हुए समूह बना, उनकी स्वास्थ्य जांच कर बसों व अन्य बड़े वाहनों द्वारा उनके गंतव्य तक सुरक्षित पहुंचाएं. अन्य राज्य के प्रवासियों का भी पूरा ख्याल रखते हुए उन्हें उनके गृह राज्य के नोडल पदाधिकारी से सम्पर्क कर सुरक्षित भेजने का प्रबंध करें. झारखण्ड की सीमा में किसी भी श्रमिक को कोई परेशानी ना हो इसका पूरा ध्यान रखना हमारा कर्त्तव्य है. मुख्यमंत्री के आदेश के बाद पुलिस महानिदेशक एमवी राव ने सभी पुलिस अधीक्षक व वरीय पुलिस अधीक्षक को अपने उपायुक्तों से समन्वय स्थापित कर निर्देशों का अनुपालन प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित कराने हेतु निर्देश दिया है.
शार्प भारत की अपील : घर में रहें, सुरक्षित रहें, सोशल डिस्टेंसिंग का पूरी तरह से पालन करें.















