
चाईबासा : आनंदपुर प्रखंड में बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत् गुरुवार को प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में उप विकास आयुक्त आदित्य रंजन, प्रखंड विकास पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार रजक, बीएओ, बीपीओ, बीपीएम, जेएसएलपीएस बीपीएम, बीटीएम, बीओ, मनरेगा कर्मी सभी मुखिया, पंचायत सेवक, रोजगार सेवक, प्रखंड के आम बागवानी के लाभुक, कृषक मित्र, तथा अन्य उपस्थित थे।
प्रशिक्षण शिविर में आए सभी कृषक मित्रों तथा लाभुकों को पीपीटी के माध्यम से बागवानी हेतु गड्ढों को भरने से लेकर पेड़ लगाने तक और पौधों को अगले 3-4 सालों तक कैसे देख-भाल करना है, इस विषय में बताया गया। कृषक मित्रों को डॉक्यूमेंट्री वीडियो के माध्यम से बागवानी के महत्व तथा उससे होने वाले लाभ के बारे में दिखाकर प्रेरित किया गया। पौधे लगाने के पश्चात् उसका घेराव कैसे करना है तथा उसी जमीन में बागवानी के साथ-साथ कैसे अन्य फसल जैसे दलहन की फसलें आदि के बारे में भी जानकारी दी गई, जिसे लगाकर साथ-साथ अच्छी आय प्राप्त की जा सकती है। प्रशिक्षण में जानकारी दी गई कि लाभुक अपनी मिट्टी की उर्वरक क्षमता भी बढ़ा सकते हैं। प्रशिक्षण में जानकारी दी गई कि बैंक के द्वारा केसीसी ऋण के द्वारा लाभुक घेराव इत्यादि करा सकते हैं।

उप विकास आयुक्त के द्वारा कृषक मित्रों को जानकारी दी गई कि जिन कृषक मित्रों को पंप सेट मुहैया नहीं कराई गई है, उन्हें शीघ्र उपलब्ध कराया जाएगा। उनके द्वारा बताया गया कि प्रगतिशील कृषकों को बागवानी हेतु जिला स्तर से हर प्रकार की सुविधा मुहैया कराई जाएगी। उन्होंने आनंदपुर प्रखंड में पूर्व से बागवानी कर आय कमाने वाले कृषक मित्रों की सराहना की और उन्हें बाकी कृषकों को प्रेरित करने हेतु आग्रह भी किया।
उप विकास आयुक्त ने आनंदपुर ग्राम का किया स्थल निरीक्षण
आनंदपुर प्रखंड अंतर्गत आनंदपुर पंचायत के आनंदपुर ग्राम के मुंडाटोली में बागवानी हेतु उप विकास आयुक्त के द्वारा स्थल निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के क्रम में गड्ढों को कैसे भरना है, तथा गड्ढों को भरने के समय मिट्टी के स्तर के बारे में बताया गया तथा तकनीकी जानकारी भी दी गयी।















