
चाकुलिया : चाकुलिया में कोलकाता से आये दो विद्यार्थियों के कोरोना पॉजिटिव पाये जाने के बाद स्थानीय प्रशासन ने चाकुलिया के पुराना बाजार बिरसा चौक से लेकर स्टेशन चौक तक मुख्य सड़क और रंकिणी मंदिर समेत अन्य गली मुहल्ला में कंटेनमेंट जोन और बफर जोन बना कर एरिया को सील कर दिया था. पिछले 11 मई से चाकुलिया में कुल 7 चेकपोस्ट बनाये गये थे. उक्त चेकपोस्ट से न तो किसी ग्रामीण को बाहर जाने दिया जा रहा था और न ही किसी को अंदर जाने दिया जा रहा था. एरिया को पूर्ण रूप से सील कर दिया गया था. शुक्रवार की दोपहर सीओ अरविंद ओझा के निर्देश पर कंटेनमेंट जोन में बने बैरियर को 17 दिन बाद खोला गया. बैरियर हटने से मुख्य सड़क पर लोगों का आना जाना शुरू हो चुका है. इस दौरान सीओ अरविंद ओझा ने कहा कि ग्रामीण कोरोना संक्रमण को देखते हुए लॉक डाउन के सारे नियमों का पालन करें. ग्रामीण अब भी सोशल डिस्टेंस बनाकर रखें, अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें, मास्क और सैनिटाइजर का इस्तेमाल अवश्य करें. उन्होंने कहा कि बाजार में सिर्फ खाद्य सामग्री की दुकानें ही खुलेंगी, बाकी बंद रहेंगी.















