
जमशेदपुर : राज्य के पूर्व मंत्री और जमशेदपुर पूर्वी के विधायक सरयू राय ने कड़े कदम उठाये है. इसके तहत श्री राय ने मोहरदा जलापूर्ति का सुदृढ़ीकरण करने, जलापूर्ति मे सुधार करने तथा इसका परिचालन जुस्को की बिजली से करने के बारे में नगर विकास विभाग के सचिव विनय कुमार चौबे, जुस्को के पदाधिकारियों के साथ शीघ्र ही बैठक करेंगे. यह जानकारी उन्होंने जमशेदपुर पूर्व के विधायक सरयू राय को दी है. श्री राय ने मोहरदा जलापूर्ति योजना की कमियों, इससे हो रही जलापूर्ति में अक्सर आ रही बाधा के बारे में नगर विकास सचिव के साथ चर्चा की और कहा कि जुस्को की बिजली से जलापूर्ति परियोजना परिचालित होगी तो जलापूर्ति में अक्सर आ रही व्यवधान समाप्त हो जायेगा. परंतु इसके लिये झारखंड विद्युत आपूर्ति निगम का अनापत्ति प्रमाण पत्र चाहिये. जुस्को के ऊपर निगम का बिजली बिल बकाया होने के कारण निगम अनापत्ति नहीं दे रहा है. दूसरी ओर जुस्को का कहना है कि मोहरदा परियोजना पर सरकार के साथ उसका समझौता हुये दो साल से अधिक हो गया परंतु समझौता की शर्तों के अनुरूप उसे सरकार ने अभीतक वाजिब भुगतान नहीं किया है. इसलिये बिजली बिल देने में वह सक्षम नहीं हो पा रहा है. श्री राय ने नगर विकास सचिव से शीघ्र यह मामला सुलझाने के लिये कहा है और यह भी कहा है कि जुस्को और सरकार के बीच हुये समझौता का अनुपालन पूर्ववर्ती सरकार द्वारा नहीं हुआ तो वर्तमान सरकार इसका दायित्व अपने उपर लेकर भुगतान कराये अथवा बिजली विभाग के बिल के साथ जुस्को के बकाया का समंजन कर पहले का हिसाब- किताब चुक्ता करे ताकि पूर्ववर्ती सरकार की अक्षमता ख़ामियाज़ा मोहरदा परियोजना की लाभुक जनता नहीं भुगते. श्री राय ने कहा है कि एक सप्ताह के भीतर नगर विकास सचिव के स्तर से समस्या नहीं सुलझेगी तो वे नगर विकास विभाग और ऊर्जा विभाग की संयुक्त बैठक बुलाकर जुस्को और सरकार के बीच के विवाद का निपटारा करने के लिये मुख्यमंत्री का दरवाज़ा खटखटायेंगे.














