
जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित जुस्को (टाटा स्टील यूटिलिटीज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड) एमडी ऑफिस में अचानक सांप निकलने से अफरा-तफरी मच गया. सांप ऑफिस के इलेक्ट्रिक सप्लाई स्विच बोर्ड में जा छिपा था. इधर बर्मामाइंस निवासी चंदन पाठक, जो सांप पकड़ने में माहिर है, को सूचना दिया गया. चंदन पाठक अपनी पूरी टीम के साथ जुस्को एमडी ऑफिस पहुंचा. जहां कड़ी मशक्कत के बाद चंदन पाठक ने अपने टीम के सदस्यों के साथ सांप को पकड़ने में कामयाबी हासिल की. तब जाकर वहां मौजूद कर्मचारियों ने राहत की सांस ली.
चंदन ने बताया कि सांप जहरीला नहीं है. उसने बताया कि यह धामिन सांप है, लेकिन सांप तो सांप होता है. चंदन सांप को अपने साथ ले गया. आपको बता दें कि बर्मामाइंस निवासी चंदन पाठक सांप पकड़ने में कॉलेज के जमाने से ही माहिर रहा है. बतौर चंदन सांप भी प्रकृति का एक अहम हिस्सा है. सांप निकलने से लोग भयभीत होकर उसे मार डालते हैं, जो गलत है. धीरे-धीरे सांप लुप्त होते जा रहे हैं. ऐसे में उसे जहां भी सांप निकलने की सूचना मिलती है, वह वहां पहुंचकर सांप को रेस्क्यू कर जंगलों में ले जाकर छोड़ देता है. वैसे चंदन ने शुरुआत में अकेले ही इस अभियान की शुरुआत की थी. आज उसके टीम में कई सदस्य मौजूद हैं. जो पूरी तरह से सांपों को पकड़ने में महारत हासिल कर चुके हैं.







