
चाईबासा : एक ओर जहां पूरा देश कोरोना से बचाव को लेकर लॉक डाउन की मार झेल रहा था, तो वहीं दूसरी ओर पश्चिमी सिंहभूम जिले की खनिज संपदा से भरे-पूरे नोवामुण्डी व बड़ाजामदा क्षेत्र में आयरन ओर माफिया अवैध रूप से लौह आयस्क का अवैध खनन कर भंडारण करने में जुटे थे। लॉकडाउन की आड़ में आयरन ओर के अवैध कारोबारी नोवामुण्डी व बड़ाजामदा क्षेत्र से हजारों हजार टन लौह आयस्क ओड़िशा और आंध्रप्रदेश भेज कर अपने जेबें भरने में लगे हैं। इस कारण सरकार को करोड़ों रुपये का नुकसान उठाना पड़ रहा है। जबकि सरकार खजाना खाली होने से आर्थिक संकट की मार झेल रही है। यदि नोवामुण्डी व बड़ाजामदा क्षेत्र में जिला प्रशासन व पुलिस प्रबंधन द्वारा औचक छापामारी की जाती है तो इन क्षेत्रों में आज भी वैसे लौह आयस्क का अवैध भण्डारन 10-12 स्थानों पर पाया जा सकता है, जो स्थानीय थाना क्षेत्र के पुलिस पदाधिकारियों के नजर से दूर है या नजरअंदाज किया जाता है। सूत्रों की मानें तो रात्रि सात बजे के बाद से प्रतिदिन 50-60 बड़े-बड़े ट्रक आयरन ओर लेकर जाते हैं और ज्यादातर लौह आयस्क यहां से ओड़िशा और आंध्र प्रदेश की ओर भेजा जाता है। इधर खनन विभाग व परिवहन विभाग द्वारा छापेमारी के नाम पर केवल खानापूर्ति की जा रही है। इन क्षेत्रों में पूर्ण रूप से आयरन ओर की कालाबजारी को रोकना है तो वृहद पैमाने पर पुलिस को छापेमारी करनी होगी तभी सरकार को करोड़ो का नुकसान होने से बच सकता है और क्षेत्र में 10 से 12 स्थानों पर किये गये हजारों टन लौह आयस्क का अवैध भण्डारन को जब्त किया जा सकता है। हलांकि इस अवैध कारोबार में कुछ सफेदपोश लोग भी परदे के पीछे से संलिप्त हैं। क्षेत्र में लौह अयस्क का अवैध भण्डारन करने वाला मुख्य सरगना डेबरा पूर्व में भी जेल जा चुका है जो फिलहाल पुलिस की गिरफ्त से दूर चल रहा है। हलांकि डेबरा इस कड़ी का छोटा सा किरदार है। लेकिन परदे के पीछे से कुछ सफेदपोश अवैध कारोबार को बढ़ावा देने और जॉनसन पूर्ति और राकेश ठाकुर जैसे लोगों से जमीन पर अवैध कारोबार करानों वाले तक भी पुलिस को पहुंचने की जरूरत है।


















