चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुवा रेलवे मार्केट स्थित मोबाइल स्टोर में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार युवक की पहचान शक्तिनगर निवासी करन गोप (19) के रूप में हुई है. पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी के 35 मोबाइल और दो ब्लूटूथ स्पीकर बरामद किए हैं. इसकी जानकारी गुरुवार को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विनीत किड़ो ने प्रेस वार्ता कर दी.(नीचे भी पढ़े)
पुलिस के अनुसार, 26 अक्टूबर की रात अज्ञात चोरों ने सुभाष मोबाइल स्टोर का ताला तोड़कर मरम्मत के लिए रखे 35 मोबाइल और दो ब्लूटूथ स्पीकर चोरी कर लिए थे. दुकान संचालक सुभाष कुमार सिंह के लिखित आवेदन पर गुवा थाना में मामला दर्ज किया गया था.मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया. जांच के दौरान गुप्त सूचना मिली कि करन गोप ने चोरी का सामान अपने घर के पीछे झाड़ियों में छिपाकर रखा है. इसके बाद पुलिस ने 28 अक्टूबर को छापेमारी कर उसकी निशानदेही पर चोरी का सामान बरामद कर लिया.












