
चाईबासा : बालू के अवैध कारोबार पर लगाम कसने की दिशा में खनन विभाग बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए मनोहरपुर थाना क्षेत्र के तिरला व गोपीपुर में छापेमारी की। इस छापेमारी में विभाग को बड़ी सफलता मिली। खनन विभाग की टीम जिला खनन निरीक्षक माइनिंग विश्वनाथ उरांव के नेतृत्व में 5 सदस्यीय दल ने बुधवार को मनोहरपुर प्रखण्ड क्षेत्र के तिरला बालू घाट के पास व गांव के बगीचे में लगभग 11 स्थानों पर जमा कर रखे गये अवैध बालू कुल लगभग एक लाख 9 हजार सीएफटी जब्त किया। वहीं टीम ने गोपीपुर गांव के मुंडा टोला व महतो टोला कोयल नदी बालूघाट के पास व बस्ती में छापेमारी कर अवैध बालू के कारोबारी द्वारा जमा कर 10 स्थानों पर रखा गया लगभग 55 हजार सीएफटी बालू जब्त किया। तिरला में जब्त बालू ग्राम मुंडा व्रज किशोर महतो व गोपीपुर में जब्त बालू ग्राम मुंडा पोरेश चन्द्र महतो को देखरेख हेतु जिम्मा दिया गया। बाद में खनन विभाग की टीम ने दोनों गांवों में जब्त अवैध बालू की लिखित सूचना मनोहरपुर थाना को भी दी।
एक दिन पूर्व मनोहरपुर प्रशासन ने तिरला में डेढ़ सौ गाड़ी बालू किया था जब्त
ज्ञात हो कि एक दिन पूर्व पिछले मंगलवार को डीएसपी विमलेश त्रिपाठी व अंचलाधिकारी रविश राज सिंह द्वारा संयुक्त रूप से छापेमारी कर तिरला घाट से डेढ़ सौ ट्रैक्टर अवैध बालू जब्त कर उसे अग्रेतर कार्रवाई के लिए जिला खनन विभाग को सुपूर्द कर दिया था। जबकि गोपीपुर घाट में भी अवैध बालू के भण्डारण किये जाने की सूचना भी प्राप्त हुई थी। उसके बाद जिला खनन विभाग ने अग्रेतर कार्रवाई करते हुए बुधवार को तिरला व गोपीपुर घाट में अवैध बालू भंडारण की मापी कर बालू को जब्त कर लिया। जहां तिरला में एक लाख 9 हजार सीएफटी व गोपीपुर घाट में लगभग 55 हजार सीएफटी अवैध बालू बरामद किया हैं। विभाग ने सभी जब्त बालू को गांव के मुंडा के जिम्मानामा में सौंपा। बताया जाता है कि जब्त बालू की कीमत लगभग 8 लाख रुपये है। विभाग जल्द ही जब्त बालू की नीलामी की प्रक्रिया कर अग्रेतर कारवाई करने की तैयारी में है।






