
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा प्रखंड की चिंगड़ा पंचायत के कोसाफलिया गांव निवासी कृषक सुगदा हांसदा के छोटे पुत्र आर्मी जवान गणेश हांसदा के शहीद होने पर गुरुवार को भी शहीद के घर पर सुबह से ही लोगों की भीड़ उमड़ती रही. विभिन्न राजनितीक पार्टियों के कार्यकर्ता, ग्रामीण और बुद्धिजीवी गणेश हांसदा के घर पहुंचते रहे और परिवार को सांत्वना दी. वहीं शहीद की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी. सभी की आंखे गणेश हांसदा की शहादत पर नम थीं. वही सभी ने उसकी शहादत पर गर्व भी जताया. लोगों ने कहा कि इस धरती पुत्र पर पूरा देश गर्व कर रहा है और परिवार के साथ है. मौके पर भाजपा के जिला अध्यक्ष चंडी चरण साव, झामुमो नेता समीर दास, मुखिया प्रतिनिधि माताल मांडी, मिठू हांसदा समेत अन्य ग्रामीण उपस्थित थे.

एलबीएसएम कॉलेज से शहीद गणेश हांसदा के घर पहुंचे एनसीसी के साथी कैडेट
बहरागोड़ा : आर्मी के जवान गणेश हांसदा के शहीद होने की सूचना पाकर गुरुवार को जमशेदपुर के करनडीह स्थित एलबीएसएम कॉलेज एनसीसी के कुछ कैडेट शहीद के गांव कोसाफलिया गांव पहुंचे. वहां उन्होंने कॉलेज में अपने छात्र जीवन के साथी रहे शहीद गणेश हांसदा की तस्वीर पर श्रद्धांजलि अर्पित की. करनडीह स्थित एलबीएसएम कॉलेज से आये एनसीसी कैडेटो शहीद गणेश हांसदा के साथ बिताये पलों को याद किया और उनकी आंखें नम थीं. उन्होंने शहीद गणेश हांसदा के साथ ही कॉलेज में पढ़ाई की और एनसीसी कैडेट भी रहे. साथियों ने कहा कि वह काफी मिलनसार युवक था. आर्मी में ज्वाइन करने के बाद जब भी वह छुट्टी में घर आता था, तो वह सभी साथियों के साथ मिलता था. उसके शहीद होने की खबर से सभी मर्माहत हैं. उन्होंने कहा कि उन सभी ने अपना एक अच्छा दोस्त खो दिया है. गणेश हांसदा की शहादत से जहां दुख है, वहीं उन्हें अपने दोस्त पर गर्व भी है कि वह देश की सेवा में शहीद हो गया है. मौके पर राजीव हेम्ब्रम, विश्वनाथ मुर्मू, जुलीराम मांडी, दिनेश हांसदा, कृष्णा मुर्मू, अमीर टुडू, सुनाराम टुडू समेत अन्य ने अपने साथी गणेश हांसदा की शहादत पर श्रद्धांजलि दी.

चाकुलिया में भाजपा युवा मोर्चा ने शहीदो को दी श्रद्धांजलि दी
चाकुलिया : भाजयुमो द्वारा चाकुलिया के सुभाष चौक पर चीन सीमा पर शहीद हुए भारतीय सैनिकों को मोमबत्ती जला कर श्रधंजलि दी गयी. भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने मोमबत्ती जलाकर देश के शहीद जवानों को श्रधांजलि देकर भारत माता का जयकारा लगाया. कार्यकर्ताओं ने बहरागोड़ा प्रखंड के कोसाफलिया गांव निवासी शहीद जवान गणेश हांसदा अमर रहे, जब तक सूरज चांद रहेगा गणेश तेरा नाम रहेगा का नारा लगाया. मौके पर साधन मल्लिक, सुरेश सिंह, राणा गोप, राजेश नमाता, संजय सिंह, अरविंद सिंह, राजा मल्लिक, नंन्द महतो, संतु नायक, पप्पू मल्लिक समेत अन्य लोग उपस्थित थे.

द टारगेट फाउंडेशन ने शहीद जवानों की याद में निकाला कैंडल मार्च
बहरागोड़ा : भारत चीन सीमा के लद्दाख सीमा पर हुई झड़प में शहीद हुए भारतीय जवानों के शहादत पर माटिहाना ट्रामा सेंटर से बहरागोड़ा बीएड कॉलेज तक द टारगेट फाउंडेशन के सदस्यों ने हाथ में मोमबत्ती लिए कैंडल मार्च निकाला. माटिहाना चौक पर मोमबत्ती जलाकर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की गयी. सभी ने श्रद्धांजलि अर्पित करने के उपरांत सेना की शहादत पर दो मिनट का मौन भी रखा. इस मौके पर तापस कुमार राना, सम्राट बेरा, सरोज महापात्रा, शंकर महापात्रा, नवीन चौधरी, दुर्गा पद मानकी, बुद्ध देव साव, झन्टू महतो, तपन घोष, सुशान्त पातर, लखीन्द्र दंडपाट, विश्वनाथ दुबे, लखी कान्त मानकी, संजय मुण्डा, दुर्गा पद मानकी, बिजू सीट, देव कुमार पैड़ा, कलन महतो, सुनील हॉसदा, बन बिहारी पैड़ा, गणेश साव, मानिक लाल साव, सत्य पैड़ा समेत अन्य लोग उपस्थित थे.

चाकुलिया पीएचईडी के सहायक अभियंता पहुंचे शहीद गणेश हांसदा के गांव, कहा जल्द होगी गांव में पाइप लाइन कनेक्शन से जलापूर्ति
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा प्रखंड के चिंगड़ा पंचायत के कौसाफलिया गांव में 5 टोला हैं. गांव में कुल 400 परिवार हैं. पांचो टोला में एक-एक चापाकल है. गुरुवार को पीएचईडी विभाग के पदाधिकारी गांव पहुंचे और ठप चापाकल की मरम्मत करवाई. मौके पर चाकुलिया पीएचईडी के सहायक अभियंता सुनील दत्त ने कहा कि गांव में जल्द ही सोलर जलापूर्ति योजना से हर घर तक पाइप लाइन से पानी पहुंचाने का काम किया जाएगा. उन्होंने कहा कि कोसाफलिया गांव शहीद गणेश हांसदा का गांव है. इस गांव को प्राथमिकता देते हुए सरकार और जिला प्रशासन के सहयोग से दो माह के अंदर गांव में पाइप लाइन से जलापूर्ति आरंभ कर कर दी जायेगी.

चीन को हम सब आर्थिक मार मार सकते है,सभी मिलकर चीन की बस्तु का करे बहिष्कार
बहरागोड़ा : कृषक सुगदा हांसदा के छोटा पुत्र आर्मी जवान गणेश हांसदा की शहादत की सूचना पाकर पूर्व राज्य सभा सांसद प्रदीप बलमुचु गांव पहुंचे और शहीद के पिता व भाई से मिलकर दुख व्यक्त किया और परिवार को ढाढंस बांधाया. मौके पर श्री बलमुचु ने कहा कि घटना से जितना दुख है वही गर्व भी है कि गांव के लाल ने देश की सेवा में शहीद हुआ है.कहा कि भगवान उनकी आत्मा को शांती दे और परिवार को इस दुख की घड़ी से उबरने की शक्ति प्रदान करे.मौके पर श्री बलमुचु ने कहा कि चीन की इस कायराना हमला का जबाब देश की सेना देगी.कहा कि हम सब भी मिलकर चीन की बस्तु का बहिस्कार कर चीन को आर्थिक मार मार सकते है.कहा कि भारत की आवादी काफी बड़ी है,यहां चीन की बनी बस्तु का बड़ी बाजार है,अगर देश वासी सभी मिलकर चीन की बनी बस्तु का बहिस्कार करेंगे तो चीन को आर्थिक नुकसान होगा.

शहीद गणेश हांसदा के गांव के साथी लद्दाख की घटना आधारित कलाकृति बनाने में जुटे, कहा गांव से करेंगे चीनी सामग्री का बहिष्कार
बहरागोड़ा : भारत-चीन सीमा लद्दाख में चीन द्वारा किये गये हमले में शहीद गणेश हांसदा के गांव के साथी कोसाफलिया गांव में गुरुवार की सुबह से ही घटना की कलाकृति बनाने में जुटे हुए हैं. शहीद जवान के साथी सुनील हेम्ब्रम ने बताया कि गांव के सभी युवा साथी मिलकर मैदान में लद्दाख में हुई घटना की कलाकृति बना कर वे अपने दोस्त गणेश की तस्वीर लगाकर वहां श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे. उनके दोस्तों ने कहा कि चीन ने जिस तरह रात के अंधेरे में भारतीय जवानों पर हमला कर हत्या की है उसका करारा जवाब भारतीय सैनिक और सरकार देंगे. गांव के युवाओं ने कहा कि वे सभी गांव में रहकर ही चीन देश के खिलाफ आंदोलन करेंगे. गांव से ही चीन में बनी इलेक्ट्रॉनिक सामग्रियों का आज से बहिष्कार शुरू किया जाएगा. चीनी सामग्रियों में आग लगाकर चीन में बनी सामग्रीयों का बहिष्कार किया जाएगा. मौके पर राहुल हांसदा, देवेन्द्र नाथ मुर्मू, बिराम हांसदा, मार्शल हांसदा, सोमनाथ पात्र, जयराम हेम्ब्रम समेत शहीद के अन्य साथी उपस्थित थे.

शहीद के घर हर आने-जाने वाले को दिया जा रहा है सैनिटाइजर
बहरागोड़ा : बहड़ागोड़ा प्रखंड के चिंगड़ा पंचायत के कोसाफलिया गांव निवासी शहीद आर्मी जवान गणेश हांदसा के घर श्रद्धांजलि देने पहुंचने वाले हर ग्रामीण के हाथ को स्थानीय प्रशासन द्वारा सैनिटाइजिंग किया जा रहा है. वहीं स्थानीय प्रशासन द्वारा मास्क पहनने और सोशल डिस्टेंस बनाने के प्रति भी जागरूक किया जा रहा है.







