
जमशेदपुर : अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) की ग्रेजुएट कॉलेज इकाई के द्वारा शुक्रवार को कॉलेज परिसर में गलवान घाटी में मातृभूमि की रक्षा करते हुए अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गयी। इसमें मुख्य रूप से कॉलेज के प्राचार्य डॉ डीके धंजल, राकेश पांडेय समेत कॉलेज के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं और परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ कमलेश कुमार कमलेन्दु, प्रदेश कार्यकरणी सदस्य ज्योति दास, राजनंदनी, नंदिता कुमारी, नैना कुमारी, शिल्पी कुमारी व अन्य उपस्थित थे।

प्रदेश कार्यकरणी सदस्य ज्योति दास ने कहा कि धन्य हैं वे माता पिता जिन्होंने ऐसे वीर सपूतों को जन्म दिया और उन्हें देश की रक्षा के लिए समर्पित कर दिया। राष्ट्र सदा उन सभी मां भारती के सपूतों का ऋणि रहेगा। आज हम सभी भारतियों को एक होकर चीन का बहिष्कार करना चाहिए और चीन को आर्थिक रूप से कड़ी जवाब देना होगा। यह समय राजनीति करने का नहीं है।

कोल्हान विश्वविद्यालय के कुलपति से शहीद के परिवार को सहयोग की मांग
वर्कर्स कॉलेज छात्र संघ के विश्वविद्यालय प्रतिनिधि सागर ओझा ने कोल्हान विश्वविद्यालय के कुलपति को ई-मेल के माध्यम से एक पत्र प्रेषित किया है। पत्र में उन्होंने कहा है कि लद्दाख में LAC के समीप 14-15 जून की मध्य रात्रि चीनी सेना द्वारा कायरतापूर्ण हमले में हमारे भारतीय सेना के 20 जवान शहीद हो गए थे। जिसको लेकर पूरे देश में आक्रोश है। आपको बताते चलें कि इन 20 जवानों में से एक हमारे कोल्हान विश्वविद्यालय के अंतर्गत एलबीएसएम कॉलेज के छात्र रहे शहीद गणेश हांसदा दुश्मनो से लोहा लेते हुए वीरगति को प्राप्त हुए हैं। उन्होंने एलबीएसएम कॉलेज से एनसीसी और आइएससी की पढ़ाई पूरी की थी। यह विश्वविद्यालय के लिए गौरव की बात है। लेकिन दुख तो इस बात का है कि अभी तक कोल्हान विश्वविद्यालय के द्वारा अपने शहीद जवान के प्रति एक शब्द तो क्या, आर्थिक मदद करने का ऐलान भी नहीं किया गया। ओझा ने कोल्हान विश्विद्यालय के कुलपति से आग्रह किया है कि झारखंड की शान शहीद गणेश हांसदा के परिवार को कोल्हान विश्वविद्यालय के द्वारा आर्थिक मदद करने का ऐलान किया जाये, ताकि उनके परिवार को मदद मिल सके।














