
जमशेदपुर : जमशेदपुर समेत आसपास के इलाके में लगातार हो रही तेज बारिश के कारण सब्जियों की कीमतों में काफी ज्यादा बढ़ोत्तरी हो गयी है. पिछले पांच दिनों में लगातार सब्जियों की कीमतों में बढ़ोत्तरी हो रही है. लगातार हो रही बारिश को इसके पीछे कारण बताया जा रहा है. सब्जी उपजाने वाले किसानों के खेत में पानी भर जाने से नुकसान हो रहा है. यही कारण है कि बाजारों में सब्जियों के दाम में एक बार फिर से आग लग गयी है. पिछले 5-7 दिनों से सब्जियों के दाम तेजी से बढ़ गए हैं. सब्जियों के दाम में जो तेजी अभी देखी जा रही है वो तो लॉकडाउन के भी किसी चरण में नहीं देखी गई थी बल्कि लॉकडाउन-1 को छोड़ दिया जाए तो उस वक्त सब्जियों की आवक बंद हो जाने के बाद भी सब्जियां सस्ती थीं. सब्जियां उगाने वाले किसानों की मानें तो मानसून के वक्त के पहले आने के कारण और इतनी ज्यादा बरसात होने के कारण ही सब्जियों के दाम बढ़ गये हैं. उनका कहना है कि खेतों में पानी भर गया है और तेज बारिश से लगाई गई सब्जियों को भी नुकसान हो रहा है. बारिश से सब्जियों की क्वालिटी और उपज पर भी असर पड़ रहा है. उन्होंने बताया कि जैसे-जैसे बारिश तेज होगी, सब्जी और महंगी होगी. सब्जियों के दाम बढ़ने के बाद से लोगों को अब आलू भी रूलाने के लिए तैयार है. बाजार में सफेद आलू खुदरा में 25 से 28 रुपये किलो बिक रहा है. वहीं, लाल आलू खुदरा में 30 रुपये बिक रहा है. वहीं बारिश के पहले लाल आलू 20 रुपये और सफेद आलू 15 से 17 रुपये किलो की दर से बिक रहा था. पुराना
आलू बारिश होने के साथ तेजी से सड़ता है. ऐसे में जब तक नए आलू का उत्पादन शुरू नहीं
होगा, तब तक कीमत गिरने की संभावना काफी कम है. अगस्त के अंतिम और सितंबर के पहले
सप्ताह तक में बरसाती आलू आने के बाद कीमत में थोड़ी गिरावट संभव है. पूरी तरह से इसमें
गिरावट नवंबर माह तक आने की संभावना है. नया आलू बाजार में आने पर ही कीमत कम होने की उम्मीद है.
किन सब्जियों के बढ़े दाम
बारिश से पहले बाजार में 8 से 10 रुपये किलो बिकने वाली भिंडी अब 15 से 20 रुपये किलो बिक रही है. वहीं 15 से 20 रुपये किलो बिकने वाला टमाटर अब 20 से 25 रुपये किलो की दर से बिक रहा है. ऐसे ही नेनुआ, लाल साग और खीरा के दाम में भी तेजी देखी जा रही है.
सब्जियां-बारिश के पहले का रेट-बारिश के बाद का रेट
लौकी—–10 से 15 रुपये किलो-15 से 20 रुपये किलो
टमाटर—–15 से 20 रुपये किलो-20 से 25 रुपये किलो
फूल गोभी-15 से 20 रुपये किलो-20 से 25 रुपये किलो
बंद गोभी-15 से 20 रुपये किलो-20 से 25 रुपये किलो
बोदी-16 से 20 रुपये किलो-25 से 30 रुपये किलो
करैला-16 से 20 रुपये किलो-25 से 30 रुपये किलो
गाजर-20 से 25 रुपये किलो-25 से 30 रुपये किलो
शिमला मिर्च-20 से 25 रुपये किलो-30 से 40 रुपये किलो
हरा साग-10 से 15 रुपये किलो-16 से 20 रुपये किलो
झिंगा-25 से 30 रुपये किलो-30 से 40 रुपये किलो
नेनुआ-20 से 25 रुपये किलो-30 से 35 रुपये किलो















