
जमशेदपुर : इस्लाम धर्म के खिलाफ फेसबुक पर आपत्तिजनक पोस्ट करने के मामले में जमशेदपुर पुलिस ने सोमवार को ताबड़तोड़ छापामारी की. डीएसपी आलोक रंजन के नेतृत्व में पुलिस की एक टीम पुतुल सिंह के परसुडीह स्थित आवास पर पहुंची और उसके घरों की तलाश ली. इस दौरान परिवार के लोगों से भी सघन पूछताछ की गयी. परसुडीह की रहने वाली महिला पुतुल सिंह ने पिछले दिनों सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट कर दिया था, जिससे मुसलिम समाज के लोग आहत हुए थे.
मुसलिम समाज के लोग लगातार पुलिस के खिलाफ आंदोलन कर रहे है और एक एफआइआर भी पुतुल सिंह के खिलाफ दायर किया गया है. इस मामले में पुलिस ने गिरफ्तारी वारंट भी जारी कराया है, जिसके तहत छापामारी की जा रही है. इसके आधार पर पुलिस की टीम परसुडीह स्थित उनके आवास पर पहुंचकर तलाशी ली. इसके अलावा उनके परिजनों के घर पर भी तलाशी ली गयी. डीएसपी आलोक रंजन ने बताया कि पुतुल सिंह अगर गिरफ्तार नहीं होती है तो फिर कुर्की जब्ती करने का प्रयास किया जायेगा.
इस छापामारी के दौरान परसुडीह और बागबेड़ा थाना प्रभारी भी साथ में ही थे. काफी देर चली छापामारी के बावजूद पुलिस को किसी तरह की कोई सफलता नहीं मिल पायी, जिसके बाद पुलिस बैरंग लौट गयी. अब पुलिस कुर्की वारंट निर्गत कराने के बाद कुर्की जब्ती कर सकती है.







