
जमशेदपुर : जमशेदपुर के कोऑपरेटिव कॉलेज में बनें क्वारेन्टीन सेंटर में युवक और युवतियों को एक ही हॉल में रखने के मामले में जिला प्रशासन सक्रिय हुई। सभी युवतियों को कदमा स्थित प्रोफेशनल फ्लैट्स स्थित क्वारेन्टीन सेंटर में स्थानांतरित कर दिया गया है। इससे पहले कोऑपरेटिव कॉलेज में एक ही हॉल में काफी संख्या में युवकों और युवतियों को ठहराया गया था। वहां रुकी कुछ युवतियों ने व्यवस्था पर चिंता और असंतोष ज़ाहिर करते हुए साक्ष्य के रूप में वीडियो सहित पूर्व विधायक और भाजपा प्रदेश प्रवक्ता कुणाल षाड़ंगी से मामले में हस्तक्षेप का आग्रह किया था। सोमवार की दोपहर करीब डेढ़ बजे पूर्व विधायक श्री षाड़ंगी ने अव्यवस्था पर सवाल खड़े करते हुए जिला उपायुक्त रविशंकर शुक्ला से जरूरी सुधार करने का आग्रह किया था। मामले में राज्य पुलिस मुख्यालय ने जमशेदपुर के डीसी और जमशेदपुर पुलिस को अत्यावश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश जारी किया था। सोमवार शाम तक को-ऑपरेटिव कॉलेज से सभी युवतियों को कदमा स्थित क्वारेन्टीन सेंटर में भेज दिया गया है जहाँ महिलाओं और युवतियों के लिए अलग प्रबंध है। चिंता पर अविलंब जरूरी पहल करने के लिए युवतियों ने पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी सहित जमशेदपुर के डीसी और जिला प्रशासन के प्रति आभार ज़ाहिर किया है।














