
जमशेदपुर : जमशेदपुर के जुगसलाई थाना क्षेत्र से होकर गुजरनेवाली रेलवे ट्रैक से देवघर के पालाजोगी के बीडीओ नागेंद्र तिवारी का शव मिलने के बाद राज्य की सियासत गर्मा गयी है. कल जहां राज्य के कृषि मंत्री बादल पत्रलेख ने दिवंगत बीडीओ के आवास पर पहुंचकर सरकार को पीड़ित परिवार से साथ बताते हुए हर संभव सहयोग करने का भरोसा दिलाया था. साथ ही दिवंगत बीडीओ को इमानदार छवि का अधिकारी बताते हुए राज्य के लिए अपूरणीय क्षति बताया था. वहीं भाजपा ने भी दिवंगत बीडीओ नागेंद्र तिवारी के संदिग्ध मौत के पीछे हत्या की आशंका जताते हुए सीबीआई जांच की मांग की है.
भाजपा नेता विकास सिंह ने दिवंगत बीडीओं को इमानदार छवि का अधिकारी बताते हुए जिला प्रशसन से मानगो चौक पर उनकी आदमकद प्रतिमा स्थापित किए जाने की मांग की है. हालांकि दिवंगत बीडीओ के परिवार वाले शुरू से ही पूरे मामले की सीबीआई जांच की मांग कर रहे है. यह ज्ञापन भारतीय जनता पार्टी मानगो मंडल द्वारा उपायुक्त को दिया गया. ज्ञापन देने में मुख्य रूप से विकास सिंह, राजेश साहू, कन्हैया ओझा ,प्रोफ़ेसर यूपी सिंह, दुर्गा दत्ता, संतोष चौहान, छोटेलाल सिंह, विकास दुबे, अंकेश श्रीवास्तव, विकास देवनाथ मुख्य रूप से शामिल हुए.

बीडीओ के परिवार से मिलने पहुंचे पूर्व मंत्री रणधीर सिंह
बीडीओ के परिवार से मिलने के लिए राज्य के पूर्व मंत्री और भाजपा नेता रणधीर सिंह उनके जमशेदपुर के मानगो स्थित आवास पर पहुंचे. उनके साथ भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता कुणाल षाड़ंगी भी मौजूद थे. इस दौरान रणधीर सिंह ने कहा कि इतने ईमानदार ऑफिसर की हत्या किया जाना दुर्भाग्य की बात है और यह राज्य सरकार की विफलता है. किस तरह अपराधियों का मनोबल झारखंड की वर्तमान सरकार में बढ़ रहा है, यह साफ तौर पर देखा जा सकता है. इस बीच इस मुद्दे को लेकर भाजपा अब आंदोलन करने की भी तैयारी कर रही है.







