
जमशेदपुर : झारखंड में स्वतंत्रता दिवस को लेकर जबरदस्त तैयारी चल रही है. कोरोना के संक्रमण के बीच इसका आयोजन किया जायेगा. कई सारे गाइडलाइन का अनुपालन करते हुए इसको लेकर कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा. इस दौरान झारखंड में किसानों के कर्ज माफी की योजना को ऐलान राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन रांची से कर सकते है. 15 ग़गस्त को इसका ऐलान होने जा रहा है, जिसके तहत झारखंड सरकार करीब 2000 करोड़ रुपये किसानों का कर्ज माफ करने वाली है. इसमें छोटे और सीमांत किसानों को प्राथमिकता दी जायेगी. राज्य के कृषि मंत्री व कांग्रेस नेता बादल पत्रलेख की अध्यक्षता में हुई बैठक में इस पर फैसला लिया गया. गुरुवार को हुई बैठक में वित्त सचिव, कृषि सचिव, कृषि निदेशक, आइटी सचिव समेत राज्यस्तरीय बैंकर्स समिति के संयोजक और अन्य लोग शामिल थे. झारखंड में 5 लाख से अधिक किसानों पर कर्ज का बोझ है. किसान क्रेडिट कार्ड का सबसे ज्यादा बकाया है. एसएलबीसी की 31 मार्च तक जारी की गयी रिपोर्ट के अनुसार, सिर्फ किसान क्रेडिट कार्ड में 1804 करोड़ रुपये का लोन नहीं है, जिसमें 4,75,011 किसान शामिल है. इसके लिए की गयी बैठक में यह भी तय किया गया कि एक नया पोर्टल किसानों के लिए तैयार किया जायेगा, जिसके जरिये किसान का विस्तृत ब्योरा और कर्ज की श्रेणी की जानकारी दी जायेगी. 50 हजार तक का लोन वाले किसान को अलग फोल्डर में इस फोल्डर में रखा जायेगा जबकि 50 हजार से एक लाख का अलग श्रेणी होगी. बताया जाता है कि अभी सरकार 50 हजार रुपये तक का एक किसान का कर्ज माफ करने जा रही है. वैसे एक आकलन के मुताबिक, झारखंड में किसानों का करीब 8 हजार करोड़ रुपये बाकि है. अभी दो हजार करोड़ रुपये का कर्ज वाले लोगों को राहत दी जायेगी. इसके बाद कोई फैसला लिया जायेगा. बताया जाता है कि राज्य सरकार मुख्यमंत्री कृषि आर्शीवाद योजना के बदले यह कर्ज माफी का प्रावधान लाने जा रही है. पीएम किसान योजना की तरह ही प्रति एकड़ किसानों को 5 हजार रुपये सीधे उनके खातों में भेज दिया जायेगा. वित्त वर्ष के बजट में इसके लिए 2000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है.
जमशेदपुर में स्वतंत्रता दिवस परेड का फुल ड्रेस रिहर्सल संपन्न, मंत्री बन्ना गुप्ता करेंगे झंडोतोलन
74 वें स्वतंत्रता दिवस के परेड का फुल ड्रेस पूर्वाभ्यास गुरुवार को बिष्टुपुर स्थित गोपाल मैदान में संपन्न हुआ. उपायुक्त सूरज कुमार एवं वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ एम तमिल वणन ने परेड के फुल ड्रेस रिहर्सल का निरीक्षण किया तथा 15 अगस्त को गोपाल मैदान में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय कार्यक्रम के संफल संपादन को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए. मंत्री बन्ना गुप्ता जिला स्तरीय मुख्य समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे. परेड पूर्वाभ्यास में जैप, जिला पुलिस, होम गार्ड, महिला सहायक पुलिस व आइआरबी की टुकड़ी शामिल हुई. कोविड 19 संक्रमण से सुरक्षा के मद्देनजर इस वर्ष स्कूली बच्चे किसी भी कार्यक्रम में शामिल नहीं होंगे वहीं जिलेवासियों से भी गोपाल मैदान में आयोजित होने वाले मुख्य समारोह में शामिल नहीं होने की अपील जिला प्रशासन द्वारा की गई है. वहीं परेड में शामिल टुकड़ी तथा मुख्य समारोह में शिरकत कर रहे सभी लोगों को कोविड-19 के मद्देनजर सभी सुरक्षात्मक उपाय अपनाने का निर्देश जिला प्रशासन द्वारा दिया गया है. साथ ही किसी भी तरह के प्रसाद, मिठाई या टॉफी वितरण नहीं करने का आदेश भी दिया गया है. सरकार द्वारा जारी निर्देश के आलोक में आमंत्रित सदस्य एवं जिला प्रशासन के पदाधिकारी/कर्मचारी ही इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। जिला स्तरीय कार्यक्रम का लाइव प्रसारण फेसबुक लाइव से किया जाएगा.
सरायकेला-खरसावां में मंत्री चंपई सोरेन करेंगे झंडोतोलन
सरायकेला-खरसावां जिले का मुख्य कार्यक्रम सरायकेला ग्राउंड में होगा. इसमें मुख्य अतिथि राज्य के मंत्री चंपई सोरेन होंगे. इसमें भी सोशल डिस्टेंसिग और स्कूली बच्चीं के बगैर ही कार्यक्रफम का आयोजन किया जायेगा.







