
चाईबासा: चाईबासा सदर के विधायक दीपक बिरुवा की पहल पर हाटगम्हरिया प्रखंड में नवनिर्मित मेसो हॉस्पिटल में स्वास्थ्य सेवा जल्द ही शुरू होगी. इसका उद्घाटन 19 अगस्त को किया जाएगा. अब यहां के लोगों को चिकित्सा के लिए इधर उधर भटकना नहीं पड़ेगा. उद्घाटन के साथ ही आम लोगं को स्वास्थ्य सेवा का लाभ मिलने लगेगा. इसको लेकर शुक्रवार को मेसो भवन में स्वास्थ्य सेवा शुरू कराने को लेकर विधायक दीपक बिरुवा ने सदर अस्पताल में सिविल सर्जन डॉ ओपी गुप्ता, एसीएमओ डॉ एस पाल, डॉ वीके सिंह के साथ संयुक्त बैठक की. जिसमें विधायक दीपक बिरुवा ने जल्द ही हाटगम्हरिया प्रखंड में बने मेसो भवन में स्वास्थ्य उपकेंद्र शुरू कराने संबंधित प्रस्ताव पर चर्चा की. जहां स्वास्थ्य केंद्र के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं मुहैया कराई जाएगी. वहीं आवश्यक मेडिकल उपकरण भी उपलब्ध कराया जाएगा. विधायक श्री बिरुवा ने कहा कि चूंकि हाटगम्हरिया में स्वास्थ्य सेवा शुरू होने से आस पास के लोगों को चिकित्सा के लिए चाईबासा व ओड़िशा नहीं जाना पड़ेगा. बैठक में विचार-विमर्श के बाद निर्णय लिया गया कि झींकपानी प्रखंड के स्वास्थ्य केंद्र के साथ समन्वय स्थापित कर हाटगम्हरिया में स्वास्थ्य सेवा सुदृढ की जाएगी. इस बाबत विभागीय कार्यवाही तेज करने का निर्देश दिया गया. बैठक में स्वास्थ्य अधिकारियों ने झींकपानी स्वास्थ्य केंद्र के साथ को-आर्डिनेट कर हाटगम्हरिया स्वास्थ्य केंद्र में डाक्टर, एएनएम आदि को प्रतिनियुक्त कराने पर सहमति जताई. वहीं विधायक से चिकित्सा संबंधित उपकरणों को उपलब्ध कराने का अनुरोध किया. इस पर विधायक श्री बिरुवा ने अधिकारियों को आश्वस्त किया कि जो भी आवश्यक उपकरण होंगे, मुहैया कराया जाएगा.















