Jamshedpur : जमशेदपुर में झारखंड सैलून एसोसिएशन के बैनर तले शहर के तमाम सैलून तथा पार्लर संचालकों ने सैलून खुलवाने की मांग को लेकर स्थानीय जुबिली पार्क में प्रदर्शन किया. साथ ही इनके द्वारा पिछले दिनों आर्थिक तंगी के कारण आत्महत्या कर चुके दो सैलून संचालकों के परिजनों को आर्थिक सहयोग भी किया गया. आपको बता दें कि पिछले रविवार और मंगलवार को शहर के सोनारी क्षेत्र के ही दो सैलून संचालकों ने आर्थिक तंगी के कारण आत्महत्या कर ली थी, जिसके बाद से नाई समाज मे आक्रोश व्याप्त है. वहीं पार्लर संचालकों ने भी नाई समाज का समर्थन किया है. इनके द्वारा गुरुवार को जुबिली पार्क में एक बैठक कर राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नाराजगी प्रकट की गयी और विरोध किया. इनके द्वारा आत्महत्या कर चुके सैलून संचालकों के परिजनों को आर्थिक मदद भी की गयी.
बैठक के बाद उन्होंने सरकार से आरपार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है. उन्होंने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा है कि 30 तारीख तक अगर सरकार सैलून और पार्लर खोलने की अनुमति नहीं देती है, तो सरकार के आदेश को नहीं मानते हुए या तो शहर की सभी दुकानों को बंद कराएंगे, या अपनी दुकानों को जबरन खोलेंगे. उन्होंने ऐलान किया है कि जरूरत पड़ने पर उपायुक्त कार्यालय के समक्ष थरने पर भी बैठेंगे. केंद्र सरकार द्वारा अनलॉक शुरू किए जाने के बाद कुछ शर्तों पर सैलून तथा पार्लर को खोले जाने का निर्देश जारी किया गया था, बावजूद इसके झारखंड सरकार ने पाबंदी जारी रखी है. एसोसिएशन ने यह तय किया कि 30 अगस्त तक वे सरकारी आदेश का इंतजार करेंगे और अगर आदेश नहीं दिया गया तो खुद सभी अपनी दुकानें खोल देंगे.








