
रांची : झारखंड में पान, बीड़ी, सिगरेट, तंबाकू, गुटखा आदि की बिक्री पर प्रतिबंध है. सरकार व सरकारी अधिकारी पूर्ण प्रतिबंध होने का दावा करते हैं. बावजूद इसकी बिक्री रुक नहीं रही है. इसी मामले को लेकर हाई कोर्ट ने टिप्पणी की थी. इस पर सरकार की ओर से कहा गया कि राज्य में उक्त पदार्थों की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध है. राज्य में कहीं भी इन पदार्थों की बिक्री नहीं हो रही है. जहां कही भी सरकार के आदेश के उल्लंघन की सूचना मिल रही है, वहां कार्रवाई की जा रही है. राज्य भर में अभियान चला कर छापामारी व जब्ती की जा रही है. इन सबके मद्देनजर रांची हाई कोर्ट ने शुक्रवार को सुनवाई की. इस दौरान राज्य सरकार की ओर से खाद्य सचिव कोर्ट में उपस्थित हुए. उन्होंने उक्त दलीलें रखी. इस पर कोर्ट ने एक कर्मचारी को गुटखा खरीद कर ले आने का आदेश दिया. इस पर कर्मचारी गया और गुटखा खरीद कर ले आया. इस पर कोर्ट ने खाद्य सचिव से जानना चाहा कि जब राज्य में इन पदार्थों पर पूर्ण प्रतिबंध है, तो यह गुटखा केसे मिल रहा है. ऐसे दावे करके अधिकारी हवाई किले क्यों बनाते हैं.







