
जमशेदपुर : परसुडीह थाना अंतर्गत प्रमथनगर में मंगलवार को सरकारी जमीन पर अतिक्रमण कर बनाए जा रहे घर को अतिक्रमण मुक्त करने गई पुलिस के सामने मकान बनवा रही महिला रीना देवी ने खुद पर केरोसिन तेल छिड़कर आत्मदाह का प्रयास किया. हालांकि पुलिस की तत्परता से उसे ऐसा करने से रोक दिया गया. पुलिस उसे पकड़कर थाने ले गई औऱ जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया. परसुडीह के प्रमथनगर में रीना देवी नामक महिला सरकारी जमीन का अतिक्रमण कर मकान बनवा रही थी. इसके लिए कई बार उसे नोटिस भी दिया गया था. फिर भी रीना देवी द्वारा अतिक्रमण मुक्त नहीं किया जा रहा था. हालांकि रीना देवी का कहना था कि नोटिस उसे आज सुबह मिला था. वहीं मंगलवार को पुलिस दण्डाधिकारी के साथ मौके पर पहुंची औऱ काम रुकवा दिया. इधर रीना देवी ने इसका विरोध किया और आत्मदाह करने के लिए खुद पर केरोसिन छिड़क लिया. पुलिस ने उसे आत्मदाह करने से रोका और उसे थाना ले गई. रीना देवी के खिलाफ थाने में मामला दर्ज कर कार्रवाई की तैयारी की जा रही है.







