
जमशेदपुर : बिष्टुपुर थानांतर्गत बेल्डीह स्कूल में छात्रों के बीच हुए मारपीट के मामले में जिला शिक्षा विभाग की ओर से कार्ऱवाई करते हुए मंगलवार को जांच की गयी. स्कूल में दोनों पक्षों को स्कूल परिसर में बुलाया गया. इस दौरान एक पक्ष की ओर से घायल छात्र रिशांत ओक्षा औऱ उसके परिजनों के साथ भाजपा नेता अंकित आनंद मौजूद रहे वहीं स्कूल प्रबंधन की ओर से स्कूल के सचिव, स्कूल प्रबंधन के लोग व वकील मौजूद रहे. हालांकि स्कूल की तत्कालीन प्राचार्या सेवानिवृत्त हो चुकी हैं. इसलिए स्कूल प्रबंधन की ओर से वकील के माध्यम से अपनी बातें रखी गयीं. मामले की जांच कर रही प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी (बीईईओ) सुपात्रा महतो ने दोनों पक्षों की बातों को सुनने के बाद बताया कि मारपीट की घटना के बाद घायल छात्र रिशांत ओझा को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया था. इसमें लापरवाही के सवाल पर उन्होंने कहा कि चूंकि छुट्टी का समय था इसलिए वहां विद्यार्थियों के अलावा अन्य कोई नहीं था. केवल तत्कालीन प्राचार्या ने देखा था. यदि जरूरत पड़ी यानी जिला शिक्षा विभाग से आदेश मिलता है, तो तत्कालीन प्राचार्या को भी बुला कर पूछताछ की जा सकती है. उन्होंने बताया कि रिपोर्ट जिला शिक्षा विभाग को सौंपी जायेगी, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. (आगे की खबर नीचे पढ़ें)
दूसरी ओर पीड़त छात्र पक्ष की ओर से अंकित आनंद ने बताया कि पूर्व में स्कूल प्रशासन द्वारा बताया जा रहा था कि दोनों छात्रों के बीच स्कूल परिसर के बाहर झड़प हुई थी, जबकि जांच में पाया गया कि झड़प स्कूल के अंदर ही हुई थी. जिला शिक्षा विभाग को एक सीसीटीवी फुटेज भी मिला है जिसमें घटना कैद है. वहीं इस दौरान एनसीपीसीआर के आदेशानुसार स्कूल में फर्स्ट एड, एक चिकित्सक व एंबुलेंस की व्यवस्था करने संबंधी सवाल भी उठाया गया. इस पर स्कूल प्रबंधन की ओर से जल्द व्यवस्था करने की बात कही गयी है. उन्होंने कहा कि विभाग की ओर से जारी सूचना में कंडिका संख्या तीन पर स्कूल के प्रधानाचार्य को मौजूद होना था पर वो इस दौरान मौजूद नहीं रही. लगातार स्कूल द्वारा शुरुआत के ही कहा जा रहा था कि झड़प स्कूल परिसर के बाहर हुई है पर आज बैठक में स्कूल प्रबंधन ने माना है कि झड़प परिसर के अंदर ही हुई है. इस बात को लेकर जिला शिक्षा विभाग को लिखित शिकायत की जाएगी. उन्होने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से ही मामले को खत्म करने का दबाव बनाया जा रहा था. आज सात माह बाद कार्रवाई की जा रही है. इस मामले में स्कूल प्रबंधन पर कार्रवाई हो ताकि शहर के अन्य स्कूलों में भी एक मैसेज जाए. (आगे की खबर नीचे पढ़ें)
ये है मामला
सात माह पहले बेल्डीह स्कूल परिसर में दो छात्रों के बीच झड़प हो गई थी जिसमें रिशांत ओझा नामक छात्र की आंख में गंभीर चोट आई थी. बाद में स्कूल प्रबंधन के दो लोग एक ऑटो से रिशांत को इलाज के लिए टीएमएच अस्पताल में छोड़कर चले गए थे. इस मामले में बिस्टुपुर थाना में स्कूल प्रबंधन के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया था.







