
चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी अजय कुमार तिर्की ने जानकारी दी कि मुख्य सचिव, मंत्रिमंडल (निर्वाचन) विभाग, झारखंड सरकार के आदेश के आलोक में जिला निर्वाचन पदाधिकारी -सह- जिला उपायुक्त अरवा राजकमल के निर्देशानुसार चाईबासा सदर अनुमंडल कार्यालय परिसर स्थित ईवीएम वेयरहाउस को राजनैतिक दल के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में खोला गया है. उन्होंने बताया कि वेयर हाउस खोलने का मुख्य उद्देश्य विभाग के निर्देशानुसार बीईएल मेक एम-1 ईवीएम (2000 – 2005) को विनष्ट करने हेतु कोटद्वार कारखाना में उपलब्ध करवाया जाना है. जिसके लिए वेयरहाउस को खोलने से संबंधित चुनाव आयोग से प्राप्त गाइडलाइन के अनुसार जिला अंतर्गत सभी राजनीतिक दल के अध्यक्ष एवं सचिव को पत्राचार के माध्यम से सूचना दी गई थी. इस अवसर पर झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रतिनिधि सुनील सिरका एवं पवित्र कुमार भट्टाचार्य, कांग्रेस के प्रतिनिधि त्रिशानु राय,भाजपा के प्रतिनिधि राजेश अग्रवाल और बीएसपी के प्रतिनिधि जेम्स हेंब्रम उपस्थित थे.







