
चाईबासा : पश्चिम सिंहभूम जिला प्रशासन ने टाटा स्टील के साथ मिल कर बुधवार को को नोवामुंडी में सबल सेंटर के समीपस्थ एमई स्कूल ग्राउंड में विकलांगता पंजीकरण और प्रमाणन शिविर का आयोजन किया. शिविर के दौरान जगन्नाथपुर एसडीओ शंकर एक्का, नोवामुंडी बीडीओ समरेश भंडारी, स्थानीय टाटा स्टील हॉस्पिटल के चीफ मेडिकल ऑफिसर डॉ धीरेंद्र कुमार, टाटा स्टील सीएसआर के हेड अनिल उरांव और टाटा स्टील फाउंडेशन के अधिकारी समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे. इस एकदिवसीय शिविर में नोवामुंडी के आसपास की 10 विभिन्न पंचायतों से 340 से अधिक दिव्यांगों ने पंजीकरण कराया. (आगे की खबर नीचे पढ़ें)
दिव्यांगों के पंजीकरण और प्रमाणन के अलावा (विकलांग व्यक्ति), शिविर में लोकोमोटर विकलांगता, बोलने व सुनने संबंधी विकलांगता, कमजोर नजर और मानसिक विकार वाले व्यक्तियों का परीक्षण किया गया. शिविर के दौरान 10 से अधिक व्हीलचेयर और 2 ट्राइसाइकिल का वितरण भी किया गया. लाभुकों में से एक नोआमुंडी के धानु सोरेन ने कहा कि मुझे चलने में लंबे समय से कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है. ऐसे में मुझे ट्राई साइकिल देने के लिए मैं आयोजकों का आभारी हूं.” शिविर में 400 से अधिक लोग आए. शिविर में सभी स्थानीय लोगों के लिए निःशुल्क कोविड-19 स्क्रीनिंग और टेस्ट सुविधा भी उपलब्ध करायी गई थी. भले ही इस शिविर में स्थानीय लोगों ने भारी संख्या में हिस्सा लिया, फिर भी सामाजिक दूरी समेत सभी कोविड एहतियाती उपायों का पालन किया गया. अधिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए स्थानीय लोगों के बीच निःशुल्क मास्क और सैनिटाइटर का वितरण भी किया गया.







