
चाईबासा : आगामी 6 नवबंर को टाटा स्टील टिस्को कंपनी नोवामुन्डी के द्वारा होने वाली जनसुनवाई के विरुद्ध व टाटा स्टील प्रबंधन द्वारा पूर्व में किये गये रैयतदारों के साथ एकरानामे को पूरा कराने की मांग को लेकर छह नबंबर को टाटा स्टील का घेराव करने की तैयारी को लेकर बुधवार को नोवामुन्डी प्रखंड एवं जगन्नाथपुर प्रखंड के कार्यकर्त्ताओं के साथ पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, सांसद गीता कोड़ा एवं विधायक सोनाराम सिंकू ने संयुक्त रूप से बैठक की. इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम की रणनीति बनाई. बैठक में कार्याकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेवारी सौंपी गई. बैठक में काफी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे. (आगे की खबर नीचे पढ़ें)
इस दौरान कहा गया कि कंपनी प्रबंधन द्वारा भूमि अधिग्रहण करने के पहले भोले-भाले ग्रामीणों और रैयतदारों को झूठा सपना दिखा कर और रोजगार देने, बेहतर चिकित्सा व शिक्षा दिलाने तथा क्षेत्र का विकास करने आदि का वायदा किया जाता है. लेकिन कंपनी प्रबंधन का मक्सद पूरा होने के बाद रैयतदारों को फटेहाल जिंदगी जीने को छोड़ दिया जाता है. बताया गया कि इस बार ग्रामीणों और रैयतदारों को उनका हक और अधिकार दिलाने के लिए कोड़ा दंपती ने पूरी तरह से कमर कस ली है. इस लड़ाई में कोड़ा दंपती को प्रभावित क्षेत्र के ग्रामीणों का अपार समर्थन भी मिल रहा है. वहीं कार्यकर्ताओं ने भी आंदोलन को सफल बनाने की तैयारी कर ली है.







