
रांची : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने राजधानी रांची के डोरंडा स्थित हजरत कुतुबुद्दीन रिसालदार बाबा की दरगाह पर चादरपोशी की. मुख्यमंत्री ने उर्स के मुबारक मौके पर चादरपोशी करते हुए राज्य में अमन, चैन एवं तरक्की के लिए दुआएं मांगी. उन्होंने बेरमो और दुमका के चुनावी रिजल्ट आने के ठीक एक दिन पहले चादरपोशी की और जीत की दुआएं भी मांगी. हालांकि, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि हजरत कुतुबुद्दीन रिसालदार बाबा की दरगाह सामाजिक सौहार्द का प्रतीक है. आस्था और सदभावना के इस पवित्र स्थल में जो लोग सच्चे दिल से दुआ मांगते हैं उनकी मुरादें पूरी होती हैं. मुख्यमंत्री ने दरगाह पर मत्था टेकते हुए राज्यवासियों को कोरोना संक्रमण से बचाये रखने की दुआ भी मांगी. मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में प्रेम, सदभाव और भाईचारा बनाए रखना हम सभी का कर्तव्य है. उन्होंने कहा कि हम सभी एक दूसरे का सम्मान करें और मिल-जुलकर राज्य के सर्वांगीण विकास में अपना योगदान दें. इस मौके पर मुख्यमंत्री ने दरगाह परिसर में जरूरतमंदों के बीच कंबल वितरण भी किया. मौके पर दरगाह कमेटी के अध्यक्ष, महासचिव एवं सदस्य उपस्थित थे.














