
जमशेदपुर : जमशेदपुर के तुरियाबेड़ा में झारखंड जनतांत्रिक महासभा की ओर से सीएनटी एक्ट की वर्षगांठ मनायी गयी. इस अवसर पर मौजूद वक्ताओं ने कहा कि अंग्रेज शुरुआती दौर में जब झारखंड में क्षेत्र के प्रवेश कर रहे थे तब से ही अपने जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए झारखंडी लड़ाकों ने अपनी आवाज़ बुलंद करना आरंभ कर दिया था. जमीन लूट के खिलाफ हो रहे संघर्षों के साथ हो रहे आंदोलनों के बाद तत्कालीन ब्रिटिश हुक़ूमत ने 1908 में सीएनटी एसपीटी एक्ट को मंजूरी दी. वक्ताओं ने बताया कि केवल आदिवासियों की जमीनों पर ही यह कानून लागू नहीं होता है, बल्कि झारखंड में रहनेवाले अन्य समुदायों की जमीनों पर भी सीएनटी एक्ट लागू है. आज सीएनटी एक्ट की वजह से ही क्षेत्र में झारखंडियों की जमीन बच पायी है. उन्होंने सभा के माध्यम से झारखंड सरकार से मांग की कि सीएनटी एक्ट को राज्य में सख्ती से लागू किया जाये. सीएनटी एक्ट के तहत जितने भी मामले कोर्ट में लंबित हैं सभी का फ़ास्ट ट्रैक कोर्ट बनाकर एक साल में निपटारा किया जाये.














