
धालभूमगढ़ : पूर्वी सिंहभूम जिले के डीसी सह जिला दंडाधिकारी सूरज कुमार के निर्देशानुसार ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति प्रदान करने के उद्देश्य से पदाधिकारी नियमित रूप से पंचायत क्षेत्र का भ्रमण कर रहे हैं. इसी क्रम में निदेशक एनईपी ज्योत्सना सिंह, धालभूमगढ़ बीडीओ शालिनी खलखो ने जुनबनी पंचायत में क्रियान्वित विकास योजनाओं का निरीक्षण किया. इस दौरान मनरेगा की योजनाओं, निर्माणाधीन आवास,टीसीबी, पोटो खेल मैदान समतलीकरण,सिंचाई नाला का स्थलीय निरीक्षण किया और सभी कार्यों को निर्धारित समय में पूर्ण करने का निर्देश दिया. पदाधिकारियों ने ग्रामीणों को दीदी बाड़ी योजना के संबंध में भी जानकारी दी. बताया गया कि परिवार के पोषण की आवश्यकता के अनुसार योजना के तहत पोषण युक्त सब्जियों पपीता, मुनगा, पालक, केला, मूली, धनिया, नींबू समेत अन्य हरी सब्जियां और फसलों का उत्पादन कर सकेंगे, ताकि ग्रामीणों की पोषण युक्त भोजन की जरूरतों को पूरा किया जा सके. योजना को सुचारू रूप से चलाने और इसके क्रियान्वयन में आजीविका मिशन (जेएसएलपीएस) का भी सहयोग लिया जा रहा है.वहीं जुनबनी पंचायत में उमेश टुडू के पीडीएस दुकान का निरीक्षण करते हुए गोदाम और स्टॉक पंजी की जांच की गई. साथ ही सभी आवश्यक पंजी का संधारण नियमित करने का निर्देश दिया गया. मौके पर रोजगार सेवक और प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी समेत अन्य उपस्थित थे.














