
घाटशिला : घाटशिला प्रखंड कार्यालय में निदेशक एनईपी ज्योत्सना सिंह और प्रखंड विकास पदाधिकारी कुमार एस अभिनव ने मुखिया, पंचायत सचिव, रोजगार सेवक के साथ बैठक की. इस बैठक में सभी पंचायत के मुखिया और पंचायत सचिवों से पंचायतों में क्रियान्वित विकास योजनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की और कार्य में प्रगति के लिए अपेक्षित सहयोग की बात कहते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिया. बैठक में वरीय पदाधिकारी ने सभी ग्राम रोजगार सेवकों और पंचायत सचिवों से मनरेगा कार्यो में डोभा, तालाब, टीसीबी, नाडेप पीट आदि योजना ज्यादा से ज्यादा लेने का निर्देश दिया है और सभी को लक्ष्य देते हुए दो दिनों के अन्तर अभिलेख प्रखंड कार्यालय में जमा करने का निर्देश दिया है. योजनाओं को कर्मठता पूर्वक सफल तरीके से संपादित करने और प्राक्कलन और मनरेगा के प्रवाधान के आधार पर ही काम कराने का निर्देश दिया गया है.
इस दौरान दीदी बाड़ी योजना के बारे में जानकारी देते हुए इसकी उपयोगिता बताई. सभी पंचायत के मुखिया से अनुरोध किया गया कि वे भी अपने क्षेत्र से ज्यादा से ज्यादा अभिलेख लाकर जमा करें, कुछ पंचायतों के मुखिया द्वारा बताया गया कि जेएसएलपीएस के कोऑर्डिनेटर द्वारा दीदी बाड़ी योजना की जानकारी नहीं दी गई है, जिसपर निदेशक एनईपी ने नाराजगी जताई. इसके बाद सभी रोजगार सेवक को प्रतिदिन योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट बीपीओ को देते हुए जिला को सूचित किए जाने के लिए निर्देश दिया. बैठक में प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी, कनीय अभियंता, पंचायत सचिव समेत अन्य कर्मचारी उपस्थित थे.















