जमशेदपुर : उलीडीह थाना अंतर्गत एनएच 33 स्थित निर्माणाधीन मधुसूदन इन्फिनिटी अपार्टमेंट के आठवें तल्ले से गिरकर मजदूर भूपति सिंह की मौत हो गई थी. इस मामले में मृतक के परिजन मुआवजे की मांग पर अड़े रहे. मृतक के परिजन बोड़ाम के जिला परिषद सपन महतो के साथ उलीडीह थाना में मुआवजे की मांग कर रहे थे. परिजनों का कहना था कि जब तक मुआवजे की राशि नहीं दी जाएगी तब तक शव का पोस्टमार्टम नहीं करवाएंगे. थाना में भाजपा नेता विकास सिंह और समाज सेवी पप्पू शर्मा द्वारा बातचीत की गई. विकास सिंह के प्रयास से मृतकों के परिजनों को 4.5 लाख रुपए मुआवजा दिलवाया गया. मुआवजे की राशि जिला परिषद सपन महतो और गांव के मुखिया के सामने दी गई. उसके बाद मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाया गया. शव को गांव तक ले जाने के लिए एंबुलेंस की भी व्यवस्था की गई. बता दें कि शुक्रवार को एनएच 33 स्थित निर्माणाधीन मधुसूदन इन्फिनिटी अपार्टमेंट में काम करने के दौरान बोड़ाम के चिमटी गांव निवासी भूपति सिंह घायल हो गए थे, उन्हें इलाज के लिए उमा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.
















