
जमशेदपुर : सीतारामडेरा थाना अंतर्गत छायानगर स्थित शौचालय से 32 वर्षीय युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गयी. युवक का नाम लक्की सिंह बताया जा रहा है. बताया जाता है कि शनिवार की रात लोग दीपावली मनाने में व्यस्त थे और लक्की देर रात तक घर नहीं लौटा था. आज सुबह खंडहर हो चुके शौचालय से उसका शव बरामद किया गया. परिजनों ने हत्या की आशंका जतायी है. स्थानीय लोगों की मानें तो छायानगर में बड़े पैमाने पर ड्रग्स और नशीले पदार्थों की बिक्री होती है और यह हत्या उसी को लेकर हुई है. (आगे की खबर नीचे पढ़ें)
फिलहाल घटना की सूचना मिलते ही सीतारामडेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच में जुट गई है. युवक के शरीर पर गंभीर चोट के निशान भी पाए गए हैं. सूत्रों के अनुसार शनिवार को दिन में छेड़खानी को लेकर विवाद हुआ था. बताया जा रहा है कि शौचालय शरारती तत्वों का अड्डा बन गया है. चोरों ने शौचालय के दरवाजे-खिड़की और ईंट तक को चुरा लिए हैं. अक्षेस को अवगत कराने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई है, जिसको लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी भी देखी जा रही है. वहीं स्थानीय लोगों ने युवक की मौत के कारणों की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.















