
जमशेदपुर : परसुडीह थाना क्षेत्र से आठ माह पहले भागा प्रेमी जोड़ा काली पूजा की रात दोमुहानी पुल से कूद कर आत्महत्या का प्रयास कर रहा था. वहां से गुजर रहे विहिप कार्यकर्ताओं ने उन्हें देखा और उनसे रोककर आत्महत्या का कारण पूछा, उन्होंने बताया कि वे लोग अलग-अलग धर्म के हैं औऱ दोनों चार साल से एक साथ हैं. आठ माह पहले दोनों ने भाग कर शादी कर ली है. अब कुछ दिनों से पुलिस युवक के घर वालों पर दबाव बना रही है. इसी वजह से दोनों आत्महत्या कर रहे है. विहिप कार्यकर्ताओं ने जब उन्हें समझाया तो दोनों ने मंगलवार को पुलिस उपाधीक्षक (विधि व्यवस्था) आलोक रंजन के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया. मंगलवार को दोनों जोड़े उपाधीक्षक से मिले और बताया कि दोनों आठ माह पहले घर से भागे हैं. दोनों बालिग हैं और अपनी मर्जी से रह रहे हैं. दोनों ने मार्च में हिंदू रीति-रिवाज के साथ जादूगोड़ा रंकिणी मंदिर में शादी कर ली है और 2 नवंबर को कोर्ट मैरेज भी कर लिया है. फिलहाल युवती छह माह की गर्मवती भी है. पुलिस ने दोनों को मेडिकल के लिए सदर अस्पताल भेजा जहां दोनों की जांच की जाएगी. यहां से दोनों को कोर्ट में पेश किया जाएगा. युवती ने बताया कि दोनों एक दूसरे से प्यार करते हैं. धर्म अलग होने की वजह से दोनों ने घर से भागने का फैसला किया. दोनों ने शादी भी कर ली है. (आगे की खबर नीचे पढ़ें)
युवती को जान का है डर
युवती ने बताया कि उसे कई बार धमकियां मिल रही हैं. उसके धर्म के लोग फोन पर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं. उसे डर है कि उसके बच्चे का गर्मपात न करा दिया जाए. उसने अपनी मर्जी से शादी की है और अब उसके साथ सभी गलत कर रहे हैं. (आगे की खबर नीचे पढ़ें)
एफआईआर में युवती उम्र 17 साल लिख रही पुलिस
इधर पुलिस द्वारा एफआईआर में युवती की उम्र 17 साल लिखा जा रहा है, जबकि आधार कार्ड और पैन कार्ड के मुताबिक युवती की उम्र 20 साल है. वहीं दोनों ने कोर्ट में शादी भी कर ली है. फिर भी पुलिस द्वारा सरकारी दस्तावेज और कोर्ट के खिलाफ जाकर युवती की उम्र घटाकर एफआईआर दर्ज करना इस प्रेमी जोड़े की समझ के परे है. उनका कहना है कि पुलिस और घर वाले दोनों उनके साथ गलत कर रहे हैं.







