
जमशेदपुर:जमशेदपुर के उलीडीह थाना अंतर्गत खड़िया बस्ती में एक माह पहले वर्चस्व की लड़ाई में मारे गए सैंकी यादव के परिजनों ने हत्या आरोपी संतोष पंडित उर्फ मिथिलेश पर मारपीट का आरोप लगाया है. वहीं इस मामले में संतोष के भी परिजनों ने बेटे की हत्या करवाने के आरोप में मारपीट का आरोप लगाया था. इधर सूचना मिलने पर एमजीएम थाना की पुलिस मौके पर पहुंची औऱ दोनों पक्षों को पकड़कर थाना ले गई. हालांकि इस संबंध में थाना में किसी तरह की लिखित शिकायत नहीं की गई है. घटना के संबंध में एमजीएम थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि दोनों पक्ष के बीच मारपीट की सूचना मिली थी, पर किसी ने लिखित शिकायत नहीं की है. सैंकी की मां इंदू देवी ने बताया कि वो अपनी बेटी बेबी देवी के साथ रुपये के लेनदेन को लेकर संतोष के घर गई थी. वहां मौजूद संतोष की मां शैली तिवारी अपने -अपने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर मारपीट की. उन्होंने बताया कि संतोष के परिवार वाले केस उठाने की धमकी देते हुए अक्सर विवाद करते हैं, वहीं दूसरे पक्ष का कहना है कि बेबी देवी अक्सर आरोप लगाती है कि संतोष ने उसके बेटे को मार दिया. इसी बात को लेकर वह आज मारपीट कर रही थी. फिलहाल थाना में किसी तरह की लिखित शिकायत नहीं की गई है.






