
जमशेदपुर : जमशेदपुर के कदमा शास्त्रीनगर क्षेत्र से एक बार फिर से अतिक्रमण हटाया जायेगा. करीब चार साल के बाद इसका जिन्न एक बार फिर से निकला है. पहले कदमा शास्त्रीनगर से होते हुए मैरिन ड्राइव की गाड़ी निकलने की खबर एक अखबार ने प्रकाशित की थी, जिसको उस वक्त के नेताओं ने झुठलाया था और फिर आनन-फानन में इस अतिक्रमण हटाने के अभियान को टाल दिया गया था. अब जब जुस्को (टाटा स्टील यूटिलिटीज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी लिमिटेड) की ओर से वहां सड़क बना दिया गया तो नेताओं ने किसी तरह का विरोध नहीं किया कि अरे वहां सड़क कैसे बन रहा है जब अतिक्रमण नहीं हटेगा.
जुस्को ने काफी चालाकी से वैसे एरिया में सड़कें बना दी, जहां अतिक्रमण नहीं है या कोई मकान या दुकान नहीं है. उसके बाद दुकानदारों से बात कर रास्ता निकाल दिया. अब वहां के सड़क का चौड़ीकरण कर वहां से मैरिन ड्राइव की गाड़ियों को बिष्टुपुर होते हुए टाटा स्टील के भीतर ले जाने की योजना है. वैसे पहले की योजना यह थी कि मैरिन ड्राइव से सीधे आदित्यपुर पुल को जोड़ दिया जायेगा, जहां से कंपनी की गाड़ियां चली जायेगी, लेकिन अब नये सिरे से यह अभियान शुरू कर दिया गया है और सड़क चौड़ीकरण के नाम पर फिर से गरीबों को उजाड़ा जा रहा है. तत्कालीन विधायक सरयू राय ने वहां एक प्रस्ताव बनाया था, जो शास्त्रीनगर को भी बचा देता और सड़क भी बन जाता, लेकिन इसको धरातल पर नहीं उतारा गया. विधायक सरयू राय ने योजना बनायी थी कि नदी के ऊपर से पुल बनाकर सड़क ऊपर से पार कर शास्त्रीनगर के अंतिम छोर से गाड़ियों को जाने लायक का रास्ता बनाना था, लेकिन यह धरातल पर नहीं उतर पाया. अब चूंकि, गरीबों के मकान और दुकानों को तोड़ने की तैयारी है, इसको लेकर अब आंदोलन का दिखावा शुरू कर दिया गया है. इसको लेकर जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो भी पहुंचे. कदमा के जटाधारी हनुमान मंदिर के प्रांगण में जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो ने बैठक की, जिसमें तय किया गया कि इसको लेकर विरोध किया जायेगा. इस बैठक में मुख्य रूप से भाजपा नेता नंदजी प्रसाद, भाजपा नेता दीपू सिंह, शंकर रेड्डी, ओबीसी. मोर्चा महामंत्री राजेश्वर साहू, मनीष पांडेय, केपी सिंह, मनोज सिंह, एस कार्तिक, विनोद कुमार, भीम सिंह, विश्वजीत सिंह, प्रणब दा, बाबूलाल, अशोक सिंह, भाजपा कदमा के सैकड़ों कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग शामिल हुए.







