
जमशेदपुर: झारखंड जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के प्रदेश अध्यक्ष सलखान मुर्मू ने सरना धर्म कोड लागू किए जाने की मांग को लेकर दूसरे चरण के आंदोलन की बुधवार को घोषणा की. उन्होंने केंद्र सरकार को 30 जनवरी 2021 तक का अल्टीमेटम जारी कर दिया है. एक संवाददाता सम्मेलन के माध्यम से सालखन मुर्मू ने बीते 6 दिसंबर को सरना धर्म कोड बिल के समर्थन में बुलाए गए आहूत चक्का जाम को सफल बताते हुए एक बार फिर से दूसरे चरण की लड़ाई का ऐलान कर दिया है. उन्होंने बताया, कि जदयू आदिवासी सेंगेल अभियान समेत कई आदिवासी संगठनों के साथ मिलकर 20 से 31 दिसंबर तक 2 सौ सरना धर्म सगाड़िया रथ पांच प्रदेशों में भेजेगी. जहां इस बिल के समर्थन में जन समूह को जागरूक करने का काम करेगी. अगर फिर भी केंद्र सरकार इस बिल को लागू नहीं करती है, तो 31 जनवरी को देशव्यापी अनिश्चितकालीन चक्का जाम भी किया जाएगा.विदित हो कि जदयू एनडीए का एक घटक दल है. बावजूद इसके झारखंड जदयू केंद्र सरकार पर लगातार दबाव बना कर इस बिल के समर्थन में राज्य के सत्ताधारी दल के साथ खड़ी नजर आ रही है. वैसे राज्य सरकार ने सरना धर्म बिल को सदन में पारित कराकर राज्यपाल के पास भेज दिया है.






