
आदित्यपुर: सरायकेला जिले के आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड 29 के क्वार्टर नम्बर 185/ 2/ 1 निवासी रामशंकर राय के घर की छत पर बीते 9 जनवरी को एक कबूतर मारा हुआ पाया गया था, जिसकी जानकारी मिलने के बाद न तो नगर निगम ने मामले को गम्भीरता से लिया, न ही पशुपालन विभाग ने. मंगलवार को निगम क्षेत्र के ही वार्ड 32- 35 के समीप मुख्य सड़क पर गुरु सिद्धि विला अपार्टमेंट के समीप दो और कबूतर मृत पाए जाने के बाद स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया है. हालांकि मुख्य सड़क पर कबूतरों के मृत होने के कारण गाड़ियों के रौंदने से कबूतरों के चिथड़े उड़ते चले गए और इस तरफ किसी का ध्यान नहीं गया.
गौरतलब है कि पड़ोसी जिला जमशेदपुर में कौवों की मौत हो रही है. जिसको लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं. मृत कौओं के सैम्पल को जांच के लिए कोलकाता भेजा गया था जहां से लैब ने सैम्पल वापस कर दिया है. इधर झारखंड सहित देश के 6 राज्यों में बर्ड फ्लू की दस्तक से स्वास्थ्य विभाग हलकान है. अगर समय रहते कबूतरों की मौत को गंभीरता से नहीं लिया गया, तो हो सकता है आने वाले दिनों में यह एक बड़ा कारण बन जाए.





