
रांची/जमशेदपुर : झारखंड में बर्ड फ्लू की आशंका को लेकर हाईअलर्ट जारी कर दिया गया है. देश के कई राज्यों में लगातार बर्ड फ्लू के बढ़ते मामले को देखते हुए झारखंड में सतर्कता बढ़ा दी गयी है. इसके तहत स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पाया है कि जमशेदपुर में अब तक पांच कौओं की लाश जुबिली पार्क में मिली थी, जिसके सैंपल की जांच की जा रही है जबकि सरायकेला-खरसावां जिले में भी दो से अधिक जगहों पर मृत कौओं और कबूतर की लाश मिल चुकी है. वहीं, पश्चिम सिंहभूम जिले के चाईबासा और जगन्नाथपुर में 16 पक्षियों को मृत पाया गया है.

दुमका के पोखरिया गांव में भी 50 पक्षी मरे पाये गये है, जिसमें कौआं, मैना, बगुला आदि मुख्य शामिल है. पश्चिम सिंहभूम जिल के चाईबासा स्थित रानी कॉलोनी में करीब सौ मीटर की दूरी पर दो जगह पर मृत कौएं पाये गये है. जगन्नाथपुर में डेढ़ किलोमीटर की दूरी पर कई जगहों पर 14 कौओं को मृत पाया गया है. इसके बाद सैंपल को पशुपालन विभाग ने इकट्ठा कर सबको दफना दिया है. इससे पहले जमशेदपुर के जुबिली पार्क में कौओं को मृत पाया गया था. सभी सैंपलों की जांच शुरू कर दी गयी है. दूसरी ओर, झारखंड की सरकार ने बर्ड फ्लू को देखते हुए बिहार, बंगाल, ओड़िशा समेत अन्य राज्यों से आने वाले मवेशियों, मुर्गियों और अंडों के आने पर रोक लगा दी है. बर्ड फ्लू को देखते हुए खास गाइडलाइन भी जारी कर दिया गया है. हर जिले के पशुपालन पदाधिकारियों को कहा गया है कि वे लोग सतर्क रहे और हर दिन सैंपल को इकट्ठा करें. जीवित पक्षियों और मुर्गियों की जांच करने को कहा गया है ताकि मानव शरीर तक इसके प्रवेश को रोका जा सके. इधर, जमशेदपुर के पशुपालन पदाधिकारी सुनील कुमार सिन्हा ने कहा है कि इसको लेकर हर एरिया के लिए नोडल पदाधिकारियों को तैनात कर दिया गया है. उनके फोन नंबर भी जारी कर दिये गये है.




