जमशेदपुर : जमशेदपुर सिटीजन्स फोरम (जेसीएफ) की एक महत्वपूर्ण संवाद बैठक जमशेदपुर के टेल्को क्लब में आयोजित की गई. बैठक में आधारभूत संरचना, सामाजिक विकास, औद्योगिक प्रगति, विकसित भारत के निर्माण तथा इसमें पूर्वी भारत की भूमिका से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई. कार्यक्रम में पश्चिम बंगाल सरकार के पूर्व मुख्य सचिव एवं राजीव सिन्हा फाउंडेशन के चेयरमैन राजीव सिन्हा तथा राजीव सिन्हा फाउंडेशन के सुमन ने जेसीएफ के सदस्यों के साथ संवाद किया. श्री सिन्हा ने प्रशासन, उद्योग एवं विकास के क्षेत्र में अपने व्यापक अनुभव के आधार पर कई महत्वपूर्ण विचार साझा किए. श्री सिन्हा ने कहा कि देश के समग्र विकास के लिए मजबूत आधारभूत संरचना के साथ-साथ सामाजिक विकास पर भी समान रूप से ध्यान देना आवश्यक है. विकसित भारत के लक्ष्य के संदर्भ में उन्होंने पूर्वी भारत की अपार संभावनाओं पर प्रकाश डाला. उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों, औद्योगिक विरासत और प्रतिभाशाली मानव संसाधन से समृद्ध होने के बावजूद पूर्वी क्षेत्र को अपेक्षित विकास गति क्यों नहीं मिल पाई, इस पर गंभीरता से विचार करने की आवश्यकता है. चर्चा के दौरान उद्योग जगत की भूमिका पर विशेष जोर दिया गया. श्री सिन्हा ने कहा कि विकास की जिम्मेदारी केवल सरकार की नहीं हो सकती. उद्योगों, संस्थानों और नागरिक समाज को भी आगे बढ़कर अवसरों का सृजन करना होगा. (नीचे भी पढ़े)

उद्यमिता को प्रोत्साहन, कौशल विकास, नवाचार तथा उद्योग एवं विभिन्न संस्थाओं के बीच बेहतर साझेदारी के माध्यम से आर्थिक और सामाजिक प्रगति को नई गति दी जा सकती है. उन्होंने कहा कि वर्तमान एवं भविष्य की चुनौतियों का सामना करने के लिए सबसे महत्वपूर्ण आवश्यकता लोगों की सोच और मानसिकता में बदलाव की है. सरकार चाहे किसी की भी हो, नागरिकों, उद्योगों और संस्थानों को सकारात्मक एवं दूरदर्शी सोच अपनाते हुए विकास प्रक्रिया में अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी. इस विषय पर सदस्यों के साथ हुए संवाद में जमशेदपुर और पूर्वी भारत के विकास से जुड़ी संभावनाओं एवं चुनौतियों पर भी विचारों का सार्थक आदान-प्रदान हुआ. इस अवसर पर जेसीएफ ने अपने संरक्षकों पप्पू सिंह, प्रभात शर्मा, कमल किशोर, ब्रिगेडियर रणविजय सिंह तथा मानस मिश्रा को फोरम के विभिन्न कार्यक्रमों के सफल आयोजन में उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए सम्मानित किया. इन कार्यक्रमों में पद्मश्री उर्मिला श्रीवास्तव द्वारा कजरी गायन, महाभिषेक तथा एनआइटी जमशेदपुर में आयोजित इंडस्ट्री–एकेडेमिया इंटरफेस जैसे महत्वपूर्ण आयोजन शामिल रहे. फोरम ने संस्कृति, शिक्षा, उद्योग एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों को सफल बनाने में अपने संरक्षकों एवं सदस्यों के सहयोग की सराहना की. जेसीएफ के अध्यक्ष एके श्रीवास्तव ने राजीव सिन्हा, सुमन, सभी संरक्षकों, गणमान्य अतिथियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि जेसीएफ भविष्य में भी जमशेदपुर तथा क्षेत्र के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक संवाद के लिए मंच प्रदान करता रहेगा. कार्यक्रम का समन्वय जमशेदपुर सिटिजन्स फोरम के संयुक्त महासचिव कमांडर संजीव रमन ने किया.




