
जमशेदपुर : टाटानगर रेलवे स्टेशन से जाने वाले यात्रियों के लिए एक नयी सुविधा शुरू की गयी है. बुधवार को टाटानगर स्टेशन से एर्नाकुलम एक्सप्रेस की शुरुआत की गयी. इसका उदघाटन जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो ने हरी झंडी दिखाकर किया. इसका उदघाटन के बाद टाटानगर रेलवे स्टेशन में यात्रियों के लिए एक नये यात्री जाने का शेड, यात्री के सामानों को उतारने के लिए शेड, मालगाड़ियों से माल को उतारने की भी सुविधाओं का उदघाटन सांसद ने किया.

इस मौके पर सांसद के अलावा भाजपा के जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष गुंजन यादव, डीआरएम विजय कुमार साहू, सीनियर डीसीएम मनीष पाठक, एरिया मैनेजर बिनोद कुमार समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद थे. यह ट्रेन गुरुवार से चलना शुरू होगी. यह ट्रेन हर सप्ताह में दो दिन गुरुवार और रविवार की सुबह 5 बजकर 15 मिनट पर टाटानगर रेलवे स्टेशन से खुलेगी.
साउथ इस्टर्न रेलवे ने इसकी सुविधा की शुरुआत सांसद विद्युत वरण महतो के डिमांड पर की थी. टाटानगर से एलेप्पी एक्सप्रेस को कोरोना के कारण ररद्द कर दिया गया था, जिस कारण इस ट्रेन का विस्तार किया गया है.

इसके तहत यह ट्रेन रविवार और बुधवार की सुबह 6 बजकर 50 मिनट पर टाटानगर रेलवे स्टेशन के लिए एर्नाकुलम से रवाना होगी. टाटानगर रेलवे स्टेशन से खुलने वाली यह ट्रेन टाटानगर से चलकर पहले चक्रधरपुर फिर विशाखापट्टनम, काटपाटी और एल्लेप्पी होते हुए एर्नाकुलम पहुंचेगी. टाटनगर से यह ट्रेन सुबह 5 बजकर 15 मिनट पर खुलेगी और एर्नाकुलम स्टेशन शनिवार और मंगलवार को सुबह 2 बजकर 25 बजे यानी आधी रात के बाद पहुंचेगी.

31 जनवरी से ट्रेन नंबर 08190 एर्नाकुलम-टाटानगर स्पेशल ट्रेन सप्ताह के हर बुधवार और रविवार की सुबह 6 बजकर 50 मिनट बजे एर्नाकुलम से खुलेगी और टाटानगर रेलवे स्टेशन पर मंगलवार और शुक्रवार की सुबह 4 बजकर 15 मिनट पर पहुंचेगी. ट्रेन नंबर 08189 अप और 08190 डाउन टाटानगर एर्नाकुलम स्पेशल ट्रेन का ठहराव टाटानगर, सीनी, चक्रधरपुर, गोइलकेरा, जराईकेला, राउरकेला, राजगांगपुर, झारसुगोड़ा समेत कई स्टेशनों पर रुकेगी.
इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि केंद्र की नरेंद्र मोदी की सरकार जनता के हितों के लिए काम कर रही है और रेलवे हर दिन अपनी सुविधाओं में बढ़ोत्तरी कर रही है, जिसका बेहतर परिणाम भी सामने आया है और आने वाले दिनों में यह सुविधाएं और बढ़ेंगी. उन्होंने बताया कि कई सारी नयी सुविधाओं की शुरुआत की जायेगी, जिसके लिए रेलवे प्रबंधन के साथ बातचीत की जा रही है.





