
सरायकेला : चांडिल अनुमंडल क्षेत्र के कपाली ओपी अंतर्गत पूड़ी सिल्ली गांव में पत्नी के प्रेमी की हत्या करने के आरोपी को कपाली पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, आरोपी पति रंजीत माझी ने पत्नी चिंतामणि मांझी के साथ अवैध प्रेम संबंध स्थापित करने से आक्रोशित होकर हाईवा चालक सोमा मांझी की पत्थर से कुचल कर हत्या की थी, जिसमें आरोपी के भतीजे और उसके दोस्त भी शामिल थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार हाईवा चालक सोम मांझी का पड़ोस की महिला चिंतामणि माझी के साथ अवैध संबंध था, जिसकी भनक उसके पति रंजीत माझी को थी। हत्यारोपी रंजीत मांझी मानसिक रूप से विक्षिप्त है। रंजीत माझी ने लगातार दो रात से अपनी पत्नी को प्रेमी के साथ आपत्तिजनक स्थिति में पाया था, जिसके बाद सोमवार देर रात उसने अपने भतीजे और उसके दोस्तों के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई और पत्नी समेत प्रेमी को रंगे हाथ पकड़ने के बाद अपने घर से कुछ दूर पर ले जाकर पत्थर से कुचलकर उसकी हत्या कर दी थी। मृतक सोम मांझी नीमड़ीह थाना क्षेत्र का रहने वाला और वह शादीशुदा था। लेकिन उसे विवाहित महिला के साथ प्रेम संबंध स्थापित करना भारी पड़ा और उसे अपनी जान भी गंवानी पड़ी। इधर पुलिस द्वारा हत्यारोपी रंजीत मांझी को गिरफ्तार कर जेल भेजा दिया गया है और उसके भतीजे समेत अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।







