
चाकुलिया : चाकुलिया के नयाबाजार और पुराना बाजार में रेल भूमि पर निर्मित दुकान और झुग्गी-झोपड़ी निर्माण कर रह रहे लोगों को रेलवे के अधिकारियों ने नोटिस जारी कर रेल भूमि खाली करने का आदेश जारी किया है. इसके बाद लोग सड़क पर उतर आये हैं. विदित हो की चाकुलिया रेलवे क्रासिंग के पास नया बाजार और पुराना बाजार में कई बेरोजगार युवक झोपड़ी निर्माण कर सब्जी, फल, मांस-मच्छली का दुकान कर रोजगार कर परिवार का भरण पोषण करते हैं. वही मजदूर वर्ग के लोग नया बाजार स्थित रेल भूमि पर झुग्गी झोपड़ी निर्माण कर परिवार के साथ जीवन बसर कर रहे हैं. (नीचे भी पढ़ें)
रेलवे के अधिकारियों द्वारा दुकानदारों को नोटिस जारी कर 29 जनवरी तक भूमि खाली करने का निर्देश दिया है. वहीं रेल भूमि पर घर निर्माण कर रह रहे परिवारों को 4 फरवरी तक खाली करने का निर्देश दिया है. रेलवे द्वारा नोटिस जारी करने से दुकानदार और मजदूर वर्ग के परिवारों की परेशानी बढ़ गई है. दुकानदार अपनी रोजी रोटी को लेकर परेशान हैं, तो रेल भूमि पर बसे मजदूर वर्ग के परिवार अपना आशियाना टूटने को लेकर विवश है. रेल भूमि पर बसे मजदूर वर्ग के परिवारों ने कहा कि रेलवे भूमि पर वर्षो से 55 परिवार निवास करते आ रहे हैं. उनका घर टूटने पर वह अपने परिवार को लेकर कहां जाएगें. इस बात की चिंता उन्हें सताने लगी है. किसी तरह मेहनत मजदूरी कर रेल भूमि पर झोपड़ी निर्माण कर परिवार के साथ जीवन यापन कर रहे थे. घर टूटने के पश्चात सारा परिवार खुले आसमान के नीचे रहने पर मजबूर हो जायेगा.




