
रांची : झारखंड के रिम्स अस्पताल के शासी परिषद (गवर्निंग बॉडी) की 50 वीं बैठक गुरुवार को हुई. इस शासी परिषद की बैठक में 370 नर्सों की बहाली को मंजूरी दी गयी. स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने बताया कि डायरेक्टर को इसके लिए आदेश निर्गत किया जा चुका है. यहां एम्स की तर्ज पर 370 नर्सों की बहाली होगी, जिसमें 80 फीसदी लड़कियां और 20 फीसदी पुरुषों की बहाली होगी. पहली बार स्वास्थ्य सचिव के तौर पर कमल किशोर सोन इसमें हिस्सा ले रहे है. इस बैठक में रिम्स के निदेशक डॉ कामेश्वर प्रसाद समेत कई अन्य लोगों ने हिस्सा लिया. रिम्स में शासी परिषद की इस बैठक में डेंटल कॉलेज की मान्यता खत्म करने को लेकर डेंटल काउंसिल ऑफ इंडिया (डीसीआइ) के पास सरकार और रिम्स द्वारा फिर से समय लिया जायेगा ताकि खामियों को दूर किया जा सके और सेवाएं जारी रखी जा सके. इसके अलावा डेंटल कॉलेज में ही रिडर्स की नियुक्ति को लेकर भी चर्चा की गयी, जिसको मंजूरी दी गयी. इसके खाली स्थान को भरने के लिए विज्ञापन निकालने पर सहमति बनी. शासी परिषद की बैठक में कई अन्य मुद्दों पर भी चर्चा की गयी.






