
जमशेदपुर : जमशेदपुर स्थित साकची के फुटपाथी दुकानदारों को दुकान नहीं लगाने देने के विरोध में गुरुवार को प्रभावित दुकानदार शिक्षित बेरोजगार मंगला हाट दुकानदार संघ के बैनर तले उपायुक्त कार्यालय पहुंचे. वहां दुकानदारों ने बताया कि वे पिछले 25 वर्षों से दुकान लगा रहे हैं. लेकिन कोविड-19 महामारी को लेकर पिछले मार्च से लेकर अगस्त महीने तक नहीं लगा रहे थे. इस कारण वे भुखमरी के कगार पर आ गये हैं. लेकिन अब जब वे दुकानें लगा रहे हैं, तो जिला प्रशासन के द्वारा लगातार परेशान किया जा रहा है. साथ ही दुकानें लगाने से रोका जा रहा है. इसे लेकर संघ की ओर से उपायुक्त के नाम एक ज्ञापन सौंपा गया. ज्ञापन में स्ट्रीट वेंडर एक्ट-2014 को लागू करने, इस एक्ट के तहत सर्वेक्षण कार्य पूरा होने तथा रेहड़ी, पटरी, फेरी व साप्ताहिक बाजार को वेंडिंग प्रमाण पत्र जारी होने तक किसी भी फुटपाथी दुकानदार या साप्ताहिक हाट को नहीं हटाने की मांग की गयी है. साथ ही रेहड़ी, पटरी एवं साप्ताहिक बाजार वालों की समस्या के समाधान के लिए शिकायत निवारण एवं विवाद समाधान तंत्र समिति का शीघ्र गठन करने की मांग की गयी है.




