
जमशेदपुर : पिछले 75 दिनों से भी अधिक समय से दिल्ली बॉर्डर पर आंदोलनरत किसानों के समर्थन में जमशेदपुर से किसानों का जत्था गुरुवार को भगवान सिंह के नेतृत्व में दिल्ली के लिए रवाना हुआ. टाटानगर रेलवे स्टेशन पर सिख समाज के लोगों ने सभी किसानों का गर्मजोशी से स्वागत किया. इस संबंध में किसान नेता भगवान सिंह ने बताया, कि जत्थे में शामिल किसान 10 दिन वहां रुकेंगे और आंदोलनरत किसानों की हौसला अफजाई करेंगे. उन्होंने भरोसा जताया, कि 10 दिनों के भीतर किसान आंदोलन समाप्त हो जाएगा. उन्होंने केंद्र सरकार से कृषि बिल 2020 को लेकर जारी गतिरोध समाप्त किए जाने की अपील की. गौरतलब है, कि भगवान सिंह किसान आंदोलन शुरू होने के बाद से लगातार जमशेदपुर और आसपास के इलाकों में किसान चौपाल लगाकर कृषि बिल 2020 की खामियां आम जनता को गिना रहे हैं. आज सैकड़ों लोगों के साथ वे दिल्ली कूच कर गए हैं. इसमें सीजीपीए के पूर्व प्रमुख गुरमुख सिंह मुखे भी शामिल हैं.




