
जमशेदपुर : अखिल भारतीय यूथ कांग्रेस की ओर से आगामी 9 फरवरी को कृषि बिल के विरोध में संसद भवन घेराव कार्यक्रम आहूत किया गया है. इसे लेकर जमशेदपुर यूथ कांग्रेस की ओर से एक अहम बैठक सर्किट हाउस में संपन्न हुई, जिसमें यूथ कांग्रेस के झारखंड प्रभारी जैनेंद्र पांडे शामिल हुए. जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि कृषि बिल को लेकर ऑल इंडिया यूथ कांग्रेस कमेटी का संसद भवन घेराव कार्यक्रम निर्धारित किया गया है. किसान संगठनों के लगातार विरोध के बाद भी केंद्र सरकार ने देश में अघोषित आपातकाल लगा रखा है. ऐसे में युवा कांग्रेस अब सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन करेगी. जिसमें देशभर से यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता जुटेंगे. उन्होंने बताया कि हर जिला से 25 यूथ दिल्ली के लिए रवाना होंगे. जमशेदपुर से भी प्रदेश सचिव परितोष सिंह के नेतृत्व में यूथ कांग्रेसियों का दल दिल्ली रवाना होगा.




