
जमशेदपुर : जमशेदपुर के जेएनटीवीटीआई में 42 वर्षीय महिला सफाई कर्मी के साथ सुपरवाइजर द्वारा प्रताड़ित करने का मामले सामने आया है. इस मामले में पीड़िता ने महिला थाना में लिखित शिकायत की है. पीड़ित महिला ने कॉलेज में सफाई कर्मियों के सुपरवाइजर रंजीत सिंह पर आरोप लगाया है. पीड़िता ने बताया है कि वह 2 साल से कॉलेज परिसर में हाउस कीपिंग का काम करती है. वहीं रंजीत सिंह भी सुपरवाइजर का काम करता है. दो साल से रंजीत शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करता आ रहा है. वह शारीरिक सम्बंध बनाने के लिए भी दबाव बनाता है. शारीरिक संबंध नहीं बनाने पर काम से निकाल देने की धमकी देता है. उसने यह सारी बातें प्रबंधन को भी बताई, जिसके बाद प्रबंधन ने रंजीत के साथ बैठक भी की, पर बैठक का कोई नतीजा नहीं निकला. उसके बाद उसने महिला थाना में लिखित शिकायत की है. फिलहाल पुलिस ने रंजीत को अपना पक्ष रखने के लिए थाने में बुलाया है.





