
जमशेदपुर : जमशेदपुर में इन दिनों हेलमेट चेकिंग अभियान जोरों पर है. अभियान के तेज़ होने के साथ ही पुलिस पर आरोप भी लगने शुरू हो गए हैं. ताज़ा मामला साकची ट्रैफिक थाने से जुड़ा है. इस मामला में सामाजिक सेवा संघ के लोगों ने एसएसपी से शिकायत की है. संघ के सदस्य सूरज प्रमाणिक ने बताया कि वह अपने साथी ऋषभ के साथ साकची किसी काम से आया हुआ था. काशीडीह मोड़ के पास उसने बाइक को स्टैंड किया और हेलमेट खोला, इतने में ही एक पुलिस कर्मी वहां पहुंचा और उसे पकड़ लिया. उसने बाइक को जब्त करने की धमकी दी और कहा कि फाइन नहीं जमा किया तो बाइक को उठा लिया जाएगा. उसके पास पैसे नहीं थे तो उसने रोशन गुड़िया नामक पुलिस कर्मी को गूगल पे के माध्यम से रुपए ट्रांसफर कर दिए. जब उसने पुलिस कर्मी से चालान की रसीद मांगी तो पुलिस कर्मी ने कहा कि चालान काटने के बाद एक हजार रुपए फाइन लगेगा. सूरज के मुताबिक घटना 3 फरवरी की है. इस मामले मै ट्रैफिक डीएसपी बबन सिंह ने कहा कि पुलिस द्वारा कभी-कभी ऑनलाइन चालान लिया जाता है, चालान में यह लिख दिया जाता है कि चालान ऑनलाइन के माध्यम से लिया गया है. जहां तक चालान नहीं देने की बात है तो मामले की जांच की जाएगी.












