
जमशेदपुर: जमशेदपुर के एमजीएम थाना अंतर्गत एनएच33 पर नरगा के पास सोमवार को सड़क दुर्घटमा में मृत शाहरुख खान के परिजन मंगलवार को एमजीएम थाना पहुंचे. उन्होने मुआवजे की मांग की है. मृतक के पिता सरवर खान ने बताया कि शाहरुख की शादी दो साल पहले ही हुई है. उसकी एक बेटी भी है. अब उनकी बेटी की परवरिश कौन करेगा. उन्होने बताया कि शाहरुख एक कुरियर कंपनी के लिए वाहन चलाने का काम करता था. रविवार देर रात वह यह कहकर घर से निकला कि जल्द ही वापस आ जाएगा.
सोमवार की दोपहर उन्हे सूचना मिली की सड़क दुर्घटना में शाहरुख की मौत हो गई. इधर मृतक के शरीर से हाथ अलग हो गया था जिसे परिजन घटना स्थल पर खोजने चले गए. पुलिस ने परिजनों के बयान पर मामला दर्ज कर लिया है. मौके पर मृतक की पत्नी रेशमा खातून, पिता, मां और बस्ती के अन्य लोग भी मौजूद थे. बता दे कि सोमवार को नरगा के पास एक ट्रक ने वाहन को टक्कर मार दी थी. इस धक्के से वाहन रॉड निकले हुए एक गढ्ढे में जा गिरा जिसमें चालक शाहरुख की मौत हो गई थी.











