जमशेदपुर : जमशेदपुर के साकची थाना क्षेत्र अंतर्गत शीतला मंदिर के समीप मंगलवार दोपहर अचानक एक वृद्ध महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. जानकारी के मुताबिक महिला साकची बाजार आई थी. इसके बाद शीतला मंदिर के पास वह एक दुकान के सामने बैठ गई. कुछ ही देर बाद बैठे-बैठे वह अचानक नीचे गिर पड़ी. महिला को गिरा देख आसपास के लोगों ने उसे उठाने की कोशिश की लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची. देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई.
फिलहाल महिला की पहचान नहीं हो पाई है. (नीचे भी पढ़ें)

बताया जा रहा है कि वह अकेली थी और उसके पास कोई ऐसा जरूरी दस्तावेज नहीं मिला जिससे उसकी पहचान की जा सके. महिला ने नीले रंग की साड़ी पहन रखी थी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर एमजीएम अस्पताल भेज दिया है. महिला की पहचान और मौत के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है.












