
जमशेदपुर : जमशेदपुर के कदमा थाना अंतर्गत रामनगर में टाटा स्टील द्वारा मंगलवार को एक बार फिर से चहारदीवारी का निर्माण कार्य शुरू कराया गया, जहां एक बार फिर से टाटा स्टील और जिला प्रशासन को मूल रैयतों और स्थानीय लोगों का आक्रोश झेलना पड़ा. गौरतलब है कि उक्त जमीन दुर्लभ धोबा का है. इसको लेकर 1943- 44 में टाटा स्टील की ओर से चाईबासा कमिश्नरी कोर्ट में मामला दर्ज कराया गया था, लेकिन कमिश्नरी कोर्ट ने फैसला दुर्लभ धोबा के पक्ष में देते हुए टाटा स्टील के आवेदन को खारिज कर दिया था. उसके बाद टाटा स्टील हाई कोर्ट पहुंची. वहां भी फैसला दुर्लभ धोबा के पक्ष में ही आया, लेकिन जिला प्रशासन की मिलीभगत से टाटा स्टील एक बार फिर से दुर्लभ धोबा के परिजनों को उक्त भूखंड से बेदखल कर अपना कब्जा करने में जुटी हुई है. इसको लेकर कई बार दोनों पक्ष आमने-सामने भी हुए हैं, लेकिन हर बार टाटा स्टील प्रशासन के साथ उक्त जमीन पर कब्जा जमाने पहुंच जाती है.
मंगलवार को एक बार फिर से टाटा स्टील के लैंड विभाग के पदाधिकारी दल बल के साथ पहुंचे, लेकिन पुनः उन्हें स्थानीय लोगों और मूल रैयतों का आक्रोश झेलना पड़ा. वैसे इस मामले में जिला प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं. जब किसी जमीन पर कोई कब्जा करने पहुंचता है, तो उसके पास पर्याप्त दस्तावेज और कोर्ट का आदेश होना चाहिए, यह सुनिश्चित जिला प्रशासन को करना है. जिला प्रशासन के अधिकारी इस मामले में कुछ भी बताने से बचते नजर आए. इसका मतलब साफ है, कि किसी के पास भी जमीन से संबंधित कोई दस्तावेज या कोर्ट का कोई फैसला नहीं है. जबरन मूलवासी रैयत को बेदखल कर यहां जिला प्रशासन टाटा स्टील को सहयोग करने में मददगार बनने में जुटी है.


















