जमशेदपुर : भारतीय जनता पार्टी जमशेदपुर महानगर की ओर से गुरुवार को साकची स्थित जिला भाजपा कार्यालय में जिलाध्यक्ष संजीव सिन्हा की अध्यक्षता में 12वां संविधान गौरव दिवस मनाया गया. कार्यक्रम में जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो, झारखंड भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी, प्रदेश उपाध्यक्ष सह पूर्व सांसद आभा महतो सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे. कार्यक्रम का शुभारंभ भारतीय संविधान के प्रमुख शिल्पकार भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर किया गया. इस अवसर पर भारतीय संविधान के महत्व, उसकी मूल भावना, लोकतांत्रिक मूल्यों तथा राष्ट्र निर्माण में संविधान की महत्वपूर्ण भूमिका पर विस्तारपूर्वक विचार रखे गए. कार्यक्रम के मुख्य वक्ता झारखंड भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी ने कहा कि भारतीय संविधान हमारे लोकतंत्र की आत्मा, राष्ट्रीय एकता का आधार और प्रत्येक नागरिक के अधिकारों एवं कर्तव्यों का सशक्त संरक्षक है. संविधान भारत की लोकतांत्रिक चेतना, सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय संप्रभुता का जीवंत आधार है. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सहित संविधान सभा के सभी महान सदस्यों ने व्यापक विचार-विमर्श, दूरदर्शिता और राष्ट्रहित की भावना के साथ इसकी रचना की. उन्होंने कहा कि संविधान की प्रस्तावना में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुता के आदर्शों को प्रत्येक नागरिक को अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए. संविधान के प्रति सम्मान और उसके मूल्यों के प्रति अटूट प्रतिबद्धता ही सशक्त एवं समृद्ध लोकतंत्र की पहचान है. सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि भारतीय संविधान ने देश के प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार, सम्मान और अवसर प्रदान किए हैं. संविधान में महिलाओं के अधिकारों, सामाजिक न्याय और समानता को सुनिश्चित करने वाली व्यवस्थाएं समावेशी एवं सशक्त भारत के निर्माण का मार्ग प्रशस्त करती हैं. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार संविधान की मूल भावना के अनुरूप गरीबों, वंचितों, शोषितों, महिलाओं तथा समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के उत्थान और सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है. उन्होंने नागरिकों से अपने संवैधानिक अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों के प्रति भी सजग एवं जागरूक रहने का आह्वान किया. प्रदेश उपाध्यक्ष सह पूर्व सांसद आभा महतो ने कहा कि भारतीय संविधान हमारी राष्ट्रीय अस्मिता, लोकतांत्रिक व्यवस्था और अखंडता का आधार स्तंभ है. विविधताओं से परिपूर्ण भारत को एकता के सूत्र में बांधने में संविधान की महत्वपूर्ण भूमिका रही है. संविधान ने देश के प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता और सम्मान के साथ जीवन जीने का अधिकार प्रदान किया है. इसकी मूल भावना और आदर्शों की रक्षा करना हम सभी की जिम्मेदारी है. वहीं, भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सदैव संविधान की मर्यादा, उसकी मूल भावना और लोकतांत्रिक संस्थाओं के सम्मान के प्रति प्रतिबद्ध रही है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2015 में 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया, जिससे देश की नई पीढ़ी भारतीय संविधान के गौरवशाली निर्माण, संविधान निर्माताओं के अतुलनीय योगदान और नागरिकों के संवैधानिक कर्तव्यों से परिचित हो सके. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने सभी से संविधान के आदर्शों का पालन करने और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया. कार्यक्रम में उपस्थित सभी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने संविधान के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए उसके मूल आदर्शों, लोकतांत्रिक परंपराओं और राष्ट्र की एकता एवं अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई. इस दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह, बिनोद सिंह, मनोज सिंह, कुलवंत सिंह बंटी, मिथिलेश सिंह यादव, संजीव सिंह, बबुआ सिंह, रूबी झा, अमरजीत सिंह राजा, राजीव सिंह, अखिल सिंह, अनुसूचित जाति मोर्चा अध्यक्ष परेश मुखी, रमेश बास्के, पी के करवा, शंभूराम, राकेश मुखी, दिलीप पासवान, सतीश मुखी, संजय पासवान समेत विभिन्न मंडलों के अध्यक्ष एवं कई अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे.












