जमशेदपुर : संविधान गौरव दिवस के अवसर पर स्वदेशी जागरण मंच की जमशेदपुर महानगर इकाई की ओर से गुरुवार को बिष्टुपुर स्थित मंच के कार्यालय में विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में भारतीय संविधान के निर्माण की ऐतिहासिक प्रक्रिया, उसकी आवश्यकता, उद्देश्यों एवं देश के लोकतांत्रिक विकास में उसकी भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई. (नीचे भी पढ़ें)
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता एवं मुख्य अतिथि के रूप में स्वदेशी जागरण मंच के राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य मनोज कुमार सिंह उपस्थित रहे. उनके साथ शिक्षक राकेश पांडेय, मिथिलेश चौबे सहित अन्य गणमान्य लोगों ने भी अपने विचार रखे. इस अवसर पर मुख्य वक्ता मनोज कुमार सिंह ने कहा कि भारतीय संविधान का निर्माण कोई सामान्य प्रक्रिया नहीं थी, बल्कि यह व्यापक जन प्रतिनिधित्व, गहन विचार-विमर्श और वर्षों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम था. संविधान सभा में देश के विभिन्न वर्गों और क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करने वाले सदस्यों ने अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. संविधान निर्माण के लिए अनेक समितियों एवं उपसमितियों का गठन किया गया था, जिन्होंने विभिन्न विषयों पर विस्तारपूर्वक अध्ययन, सुझाव और मंथन किया. लंबे समय तक चली गहन चर्चाओं, विचारों के आदान-प्रदान और व्यापक विमर्श के बाद भारतीय संविधान अस्तित्व में आया, जो आज भी हमारे लोकतंत्र की सबसे मजबूत आधारशिला है. (नीचे भी पढ़ें)
वक्ताओं ने कहा कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था. इसी ऐतिहासिक दिन की स्मृति में भारत सरकार ने वर्ष 2015 से 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाया जाता है. वक्ताओं ने कहा कि अनेक चुनौतियों और परिस्थितियों के बावजूद भारतीय संविधान ने पिछले 76 वर्षों में देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूती प्रदान की है। संविधान की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यह देश के प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता, न्याय एवं अपने अधिकारों के संरक्षण का अवसर प्रदान करता है. चर्चा के दौरान यह भी कहा गया कि संविधान में निहित प्रावधानों का समय-समय पर कुछ लोगों द्वारा दुरुपयोग भी किया गया है, लेकिन इससे संविधान की मूल भावना और उसकी महत्ता कम नहीं होती. आवश्यकता इस बात की है कि प्रत्येक नागरिक संविधान में प्रदत्त अधिकारों के साथ-साथ उसमें निहित कर्तव्यों को भी समझे और उनका पालन करे. चर्चा में मुख्य रूप से जदयू के जिला अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव, मंच के प्रचार प्रमुख अमित मिश्रा, कौशल किशोर, देव कुमार, मनोज सखूजा, गुरजीत सिंह, रमेश कुमार, देव मुखर्जी, विनय कुमार, घनश्याम दास, मुकेश कुमार व अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे.















